Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: सेक्टर-52 स्थित आरडी सिटी में एक मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और सोने के आभूषण चोरी करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-43 ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात से पहले मकान की रेकी की थी और मौका मिलते ही ताला तोड़कर चोरी को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 लाख 30 हजार रुपये की नकदी, सोना पिघलाने का सामान और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं। आरोपियों से पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए सोने के आभूषणों को बेचने से पहले उन्हें पिघलाया गया था।

मकान से नकदी और आभूषण चोरी: पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को एक महिला ने थाना सेक्टर-53 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरडी सिटी, सेक्टर-52 स्थित उसके मकान से अज्ञात व्यक्ति नकदी, आभूषण और अन्य सामान चोरी कर ले गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद मामले की जांच अपराध शाखा सेक्टर-43 को सौंपी गई।
रेकी के बाद तोड़ा था मकान का ताला: अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने तकनीकी इनपुट और पुलिस की जांच प्रक्रिया के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को 20 सितंबर 2026 को सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली ग्राउंड के पास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख मोमरेज, शेख रहीम अली, कौसर खांन उर्फ बिट्टू खांन और सजन उर्फ कालू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, चारों मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं और फिलहाल दिल्ली में रह रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आठ दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था।
चोरी के सोने को पिघलाकर बेचने की तैयारी: पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात से पहले उन्होंने मकान की रेकी की थी। इसके बाद मौका देखकर मकान का ताला तोड़ा और नकदी व आभूषण लेकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए सोने के आभूषणों को बेचने के लिए आरोपियों ने उन्हें पिघला दिया था। पूछताछ के दौरान पुलिस को सोना पिघलाने और उसे आगे बेचने की प्रक्रिया से जुड़ी अहम जानकारी भी मिली है।
17.30 लाख कैश और चोरी के औजार बरामद: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 लाख 30 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा सोना पिघलाने में इस्तेमाल होने वाला एक गैस सिलेंडर, दो कटोरीनुमा क्रूसिबल, सफेद पाउडर (सुहागा), एक पेचकस, एक कटर और पांच मास्टर चाबियां भी बरामद की गई हैं।
चारों आरोपियों पर पहले से केस दर्ज: पुलिस जांच में चारों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, शेख मोमरेज के खिलाफ दिल्ली में हत्या के प्रयास, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत चार मामले दर्ज हैं।
शेख रहीम अली के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े दो मामले, कौसर खांन उर्फ बिट्टू खांन के खिलाफ चोरी के तीन मामले और सजन उर्फ कालू के खिलाफ चोरी, मारपीट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत छह मामले दर्ज पाए गए हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी की इस वारदात में इनके साथ कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं और चोरी के सामान को ठिकाने लगाने में किस-किस की भूमिका रही।




