Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
सुशांत लोक-1 में पांच इमारतें सील, दो PG और गेस्ट हाउस पर कार्रवाई
गुरुग्राम में रिहायशी मकानों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों पर DTP का एक्शन, बेसमेंट के क्लीनिक और ऑफिस को भी किया सील
गुरुग्राम। सुशांत लोक-1 के बी ब्लॉक में रिहायशी मकानों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने कार्रवाई की। जिला नगर योजनाकार (DTP) प्रवर्तन अमित मधोलिया के नेतृत्व में टीम ने पांच इमारतों को सील कर दिया। इनमें दो पीजी, एक गेस्ट हाउस, बेसमेंट में चल रहा क्लीनिक और एक व्यावसायिक कार्यालय शामिल हैं।

विभाग की टीम को जांच के दौरान मकान नंबर B-466 और B-401 में 14-14 कमरों वाले पीजी संचालित मिले। दोनों इमारतों को सील कर दिया गया। वहीं, मकान नंबर B-405 में 16 कमरों का गेस्ट हाउस चल रहा था, जिस पर भी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया गया।
इसी तरह मकान नंबर B-429 के बेसमेंट में क्लीनिक संचालित पाया गया। विभाग ने इस इमारत को भी सील कर दिया। इसके अलावा मकान नंबर B-362 में लॉ फर्म और फोटो स्टूडियो के रूप में व्यावसायिक गतिविधियां चल रही थीं। इस इमारत को भी सील कर दिया गया।
*रिहायशी मकानों में व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई जारी रहेगी*
DTP प्रवर्तन अमित मधोलिया ने कहा कि लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में रिहायशी मकानों का इस्तेमाल तय नियमों के अनुसार होना चाहिए। आवासीय परिसरों में नियमों के खिलाफ पीजी, गेस्ट हाउस, कार्यालय या अन्य व्यावसायिक गतिविधियां चलाने वालों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई जारी रहेगी।




