Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में आधी रात पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, इनामी नशा तस्कर समेत 3 गिरफ्तार
सेक्टर-62 में पुलिस ने बाइक सवार बदमाशों को घेरा तो बरसाने लगे गोलियां, जवाबी फायरिंग में दो के पैर में लगी गोली
बदमाशों की 6 गोलियों के जवाब में पुलिस ने चलाईं 3 गोलियां, एक पुलिसकर्मी भी घायल; 136 ग्राम MDMA, पिस्टल और देशी कट्टा बरामद
गुरुग्राम। गुरुग्राम में आधी रात को पुलिस और हथियारबंद बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। सेक्टर-62 की तरफ जा रहे बाइक सवार तीन बदमाशों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे। पुलिस के मुताबिक, घिरने पर आरोपियों ने टीम पर ताबड़तोड़ छह गोलियां चला दीं। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में तीन राउंड फायरिंग की। मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। इनमें एक ऐसा नशा तस्कर भी शामिल है, जिस पर गुरुग्राम पुलिस ने इनाम घोषित किया हुआ था।

लूट की फिराक में थे हथियारबंद बदमाश: गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-65 को 9 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि तीन हथियारबंद व्यक्ति लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नंगली उमरपुर से सेक्टर-62 की ओर जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी कर दी। रात करीब 11 बजे एक बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने बाइक रोकने के बजाय भगानी शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, पीछा करने पर आरोपियों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की एक गोली पुलिस वाहन पर लगी, जबकि एक गोली पुलिसकर्मी की बाजू में जा लगी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन राउंड फायर किए। इस दौरान दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने तीनों को मौके पर ही काबू कर लिया। घायल आरोपियों और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं तीनों आरोपी: पुलिस ने आरोपियों की पहचान मार्फत उर्फ मारू (32), फूल बाबू शेख (26) और श्रीकुल शेख (37) के रूप में की है। मार्फत और फूल बाबू शेख पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के निवासी हैं, जबकि श्रीकुल शेख नादिया जिले का रहने वाला है। मुठभेड़ में मार्फत और फूल बाबू शेख घायल हुए हैं।
नशा तस्करी के साथ हथियार भी बरामद: पुलिस की तलाशी में आरोपियों के कब्जे से 136 ग्राम MDMA नशीला पदार्थ, एक पिस्टल, एक देशी कट्टा और एक खाली खोल बरामद हुआ है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी गुरुग्राम में किस मकसद से वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे और उनके पास मौजूद नशीले पदार्थ व हथियारों का नेटवर्क कहां तक फैला है।
तीनों का आपराधिक रिकॉर्ड, इनामी आरोपी पर दो NDPS केस: पुलिस के मुताबिक, मार्फत उर्फ मारू के खिलाफ लड़ाई-झगड़े, चोरी, जाली करंसी रखने और NDPS एक्ट के तहत कुल चार मामले दर्ज हैं। फूल बाबू शेख के खिलाफ NDPS एक्ट के दो मामले दर्ज हैं, जबकि श्रीकुल शेख के खिलाफ इसी कानून के तहत एक मामला दर्ज है। फूल बाबू शेख पर गुरुग्राम पुलिस ने NDPS एक्ट के एक मामले में इनाम भी घोषित किया हुआ था।
पुलिसकर्मी पर हमले समेत कई धाराओं में केस: मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-65 में पुलिस के कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने और मादक पदार्थ रखने समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, घायल आरोपियों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्हें डिस्चार्ज किए जाने के बाद गिरफ्तार करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।




