Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में पुरानी रंजिश में चाकू से हमला, 4 आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम, 12 अक्टूबर। गुरुग्राम के बसई एन्क्लेव में पुरानी रंजिश के चलते मारपीट और चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में सेक्टर-10 थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पहले झगड़ा करने के बाद आरोपियों ने पीड़ित पक्ष को बातचीत और समझौते के बहाने बुलाया और फिर उन पर हमला कर दिया। इस दौरान एक युवक के पेट में चाकू लगा, जबकि उसके साथी पर भी चाकू से हमला किया गया। अन्य लोगों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने 8 सितंबर को सेक्टर-10 थाने में शिकायत दी थी। उसने बताया कि 31 अगस्त को बसई एन्क्लेव में कुछ लोगों ने उसके और उसके दोस्त के साथ मारपीट की थी। इसके बाद 2 सितंबर को आरोपियों ने उन्हें बातचीत कर मामला सुलझाने के बहाने बुलाया। वहां पहुंचने पर आरोपियों ने फिर से मारपीट शुरू कर दी और चाकू से हमला कर दिया।
गुरुग्राम से पकड़े गए चारों आरोपी: मामले की जांच के दौरान सेक्टर-10 थाना पुलिस ने 9 अक्टूबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान धर्मेंद्र (28), विकास मित्तल (21), विपुल कुमार (19), निवासी गांव गाड़ौली खुर्द, गुरुग्राम और राज (19), निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता पक्ष के साथ पहले हुए झगड़े की रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया था।
एक आरोपी हिस्ट्रीशीटर, चाकू और डंडे बरामद: पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी धर्मेंद्र सेक्टर-10 थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए जाने से संबंधित एक चाकू और दो डंडे बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।




