Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
पारिवारिक विवाद के बाद हुई थी कहासुनी और मारपीट, मेरठ के अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत
गुरुग्राम में पारिवारिक विवाद के दौरान पत्नी को मकान की दूसरी मंजिल की बालकनी से नीचे धक्का देने के आरोप में पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया है। महिला को गंभीर चोटें आई थीं। उसे गुरुग्राम के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर मेरठ ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को मेरठ से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर को सेक्टर-14 थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला छत से गिरकर घायल हो गई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची तो पता चला कि महिला को इलाज के लिए मेरठ ले जाया गया है।
मृतका की मां ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 7 अक्टूबर की रात उनकी बेटी पल्लवी यादव और दामाद धर्मेंद्र उर्फ आकाश के बीच कहासुनी हुई थी। इस दौरान आरोपी ने पल्लवी के साथ मारपीट की और आचार्यपुरी स्थित मकान की दूसरी मंजिल की बालकनी से नीचे धक्का दे दिया। गंभीर चोटें लगने के कारण पल्लवी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
दिसंबर 2024 में हुई थी शादी: पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पल्लवी यादव और धर्मेंद्र उर्फ आकाश की शादी दिसंबर 2024 में हुई थी। दोनों गुरुग्राम में अलग-अलग निजी कंपनियों में नौकरी करते थे। पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है।
दो दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी: सेक्टर-14 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 अक्टूबर को आरोपी धर्मेंद्र उर्फ आकाश (30) को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया। वह मेरठ के साधु नगर का रहने वाला है। पुलिस ने 10 अक्टूबर को आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। मामले की जांच जारी है।




