Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में 242 चालान पेंडिंग मिलने पर ट्रक इंपाउंड, 35.43 लाख रुपये का जुर्माना बकाया
गुरुग्राम, 13 अक्टूबर। गुरुग्राम में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत बिलासपुर चौक पर जांच के दौरान एक ट्रक पर 242 चालान लंबित मिले। इन चालानों की कुल जुर्माना राशि 35 लाख 43 हजार 800 रुपये है। इतनी बड़ी रकम के चालान बकाया मिलने पर यातायात पुलिस ने ट्रक को इंपाउंड कर लिया।

यातायात पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को बिलासपुर चौक पर तैनात जोनल अधिकारी एएसआई प्रशांत नियमित वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक की जांच की गई तो उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 242 चालान लंबित पाए गए। इन चालानों पर कुल 35,43,800 रुपये का जुर्माना बकाया था।
पुलिस ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ट्रक को इंपाउंड कर लिया। यातायात पुलिस का कहना है कि लंबे समय से चालान का भुगतान नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सड़क पर लापरवाही करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करना है।
ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील: गुरुग्राम यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों के जरूरी दस्तावेज, जैसे वैध बीमा और प्रदूषण प्रमाण-पत्र, अपडेट रखें। पुलिस ने लंबित चालानों का समय पर भुगतान करने की भी सलाह दी है। अधिकारियों के मुताबिक, नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा कम करने और सड़क पर चलने वाले सभी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।




