Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम-फर्रुखनगर रोड पर 4 दिन बंद रहेगा रेलवे फाटक, इन रास्तों से निकलें वाहन चालक
गुरुग्राम: गुरुग्राम से फर्रुखनगर और झज्जर की ओर जाने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है। सुल्तानपुर गांव के पास स्थित रेलवे फाटक नंबर LC-04 को मरम्मत कार्य के चलते चार दिनों के लिए बंद किया जा रहा है। गुरुग्राम यातायात पुलिस की ओर से जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, यह फाटक 3 नवंबर 2026 की सुबह 8 बजे से 6 नवंबर 2026 तक सभी तरह के वाहनों के लिए बंद रहेगा। ऐसे में इस रास्ते से रोजाना सफर करने वाले लोगों को अपनी यात्रा के दौरान वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।

सड़क और रेलवे ट्रैक की होगी मरम्मत: दरअसल, गुड़गांव-फर्रुखनगर रोड पर सुल्तानपुर गांव के पास बने रेलवे फाटक की सड़क काफी खराब हो चुकी है। यहां सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए रेलवे विभाग ने इस हिस्से में मरम्मत का काम कराने का फैसला लिया है।
इस दौरान सड़क की मरम्मत के साथ रेलवे ट्रैक को भी ठीक किया जाएगा। मरम्मत का काम 3 नवंबर सुबह 8 बजे से शुरू होगा और 6 नवंबर तक चलेगा। इस पूरे समय रेलवे फाटक से किसी भी तरह के वाहन को गुजरने की अनुमति नहीं होगी।
गुरुग्राम से फर्रुखनगर और झज्जर जाने वाले इन रास्तों का करें इस्तेमाल: गुरुग्राम यातायात पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक रास्ते भी बताए हैं। अगर आप गुरुग्राम से फर्रुखनगर या झज्जर की तरफ जा रहे हैं तो चंदू से बादली और रामगोपाल कॉलेज सुल्तानपुर से मुबारकपुर होते हुए झज्जर बाईपास का रास्ता अपना सकते हैं।
वहीं, झज्जर और फर्रुखनगर से गुरुग्राम आने वाले वाहन चालक झज्जर बाईपास से मुबारकपुर होते हुए रामगोपाल कॉलेज सुल्तानपुर के रास्ते गुरुग्राम पहुंच सकते हैं।
पटौदी, फर्रुखनगर और रोहतक की तरफ से आने वालों के लिए भी रूट तय: यातायात पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, पटौदी-झज्जर की तरफ से KMP फ्लाईओवर के नीचे से गुरुग्राम आने वाले वाहन चालक KMP फ्लाईओवर से पटौदी-पचगांव होते हुए गुरुग्राम की ओर जा सकेंगे।
इसके अलावा फर्रुखनगर से गुरुग्राम आने वाले वाहन चालक अनाज मंडी फर्रुखनगर से वजीरपुर होते हुए गुरुग्राम पहुंच सकते हैं। उनके पास बादली (दिल्ली) के रास्ते गुरुग्राम आने का विकल्प भी रहेगा।
वहीं, रोहतक और झज्जर से गुरुग्राम जाने वाले वाहन चालकों को बादली के रास्ते सफर करने की सलाह दी गई है।
घर से निकलने से पहले जरूर देख लें वैकल्पिक रास्ते: गुरुग्राम यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि 3 से 6 नवंबर तक सुल्तानपुर गांव के पास स्थित रेलवे फाटक की तरफ जाने से बचें। सफर शुरू करने से पहले अपने रास्ते की योजना बना लें और बताए गए वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें।
चार दिनों तक फाटक बंद रहने के कारण आसपास के रास्तों पर वाहनों का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में जल्दबाजी करने के बजाय पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें और मौके पर तैनात यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। इससे न केवल जाम से बचने में मदद मिलेगी, बल्कि रेलवे विभाग को भी मरम्मत का काम समय पर पूरा करने में आसानी होगी।




