Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
अमेरिका में गिरफ्तार हुआ हरियाणा का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हैरी बॉक्सर, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से है करीबी कनेक्शन
हरियाणा के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को अमेरिका में गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई है। हरियाणा एसटीएफ के मुताबिक, अमेरिकी एजेंसियों ने उसे कैलिफोर्निया से हिरासत में लिया है। हैरी बॉक्सर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी और सक्रिय सदस्य बताया जाता है। आरोप है कि वह विदेश में बैठकर गैंग की आपराधिक गतिविधियों और रंगदारी के नेटवर्क को संभाल रहा था।

हैरी बॉक्सर का नाम कई बड़े आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। हत्या, हत्या की कोशिश, फायरिंग, धमकी देकर रंगदारी वसूलने और कारोबारियों को डराने जैसे कई मामलों में वह पुलिस के रडार पर था। दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी उसका नाम अलग-अलग आपराधिक मामलों से जुड़ चुका है।
रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की जिम्मेदारी लेने के बाद आया था चर्चा में: हैरी बॉक्सर का नाम बॉलीवुड से जुड़ी धमकियों और फायरिंग की घटनाओं में भी सामने आया है। मुंबई में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के बाद हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेश के जरिए इस घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। इसके बाद उसने बॉलीवुड से जुड़े कुछ लोगों को भी धमकी दी थी।
इसके अलावा कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हुई फायरिंग और अभिनेता रणवीर सिंह व तुषार कपूर समेत बॉलीवुड की अन्य हस्तियों को धमकी देने के मामलों में भी उसका नाम सामने आया था। इन घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं।
बॉक्सिंग से अपराध की दुनिया तक पहुंचा हैरी बॉक्सर: हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिचंद जाट बताया जाता है। वह मूल रूप से राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बामसूर इलाके का रहने वाला है। जयपुर में रहने के दौरान उसने बॉक्सिंग सीखी थी। इसी वजह से उसे हैरी बॉक्सर के नाम से पहचान मिली।
बताया जाता है कि शुरुआती दिनों में उसने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की थी और बॉक्सिंग कोच के तौर पर भी काम किया। हालांकि, बाद में वह अपराध की दुनिया में आ गया और धीरे-धीरे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ गया।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, हैरी बॉक्सर विदेश में रहकर गैंग के लिए रंगदारी का नेटवर्क चलाने में अहम भूमिका निभा रहा था। वह कारोबारियों और अन्य लोगों को धमकाकर पैसे वसूलने के मामलों में भी कथित तौर पर शामिल रहा है।
अमेरिकी एजेंसियों ने कैलिफोर्निया से पकड़ा: मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा एसटीएफ के इनपुट पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और अन्य एजेंसियों के समन्वय से अमेरिकी एजेंसियों ने कैलिफोर्निया में देर रात हैरी बॉक्सर को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया है।
अब भारतीय एजेंसियां उसे भारत लाने की तैयारी में जुटेंगी। इसके लिए जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बताया जा रहा है कि भारत लाने की प्रक्रिया में सीबीआई की नोडल एजेंसी के तौर पर मदद ली जा सकती है।
हैरी बॉक्सर की गिरफ्तारी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के विदेश में फैले नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, उसे भारत लाने और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इस मामले में अगली स्थिति साफ हो पाएगी।




