Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम पुलिस में भ्रष्टाचार पर सख्ती, ट्रैफिक पुलिसकर्मियों का हर 60 दिन में होगा ट्रांसफर
अवैध वसूली की शिकायतों के बाद पुलिस कमिश्नर शिबास कबिराज ने जारी किए सख्त निर्देश, बॉडी वॉर्न कैमरे के बिना वाहन रुकवाने पर होगी विभागीय कार्रवाई; ZO और TI की भी तय होगी जिम्मेदारी
गुरुग्राम। ट्रैफिक पुलिस के नाम पर अवैध वसूली और पुलिसकर्मियों के अनुचित व्यवहार की शिकायतों को लेकर गुरुग्राम पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस कमिश्नर शिबास कबिराज ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए कई नए निर्देश जारी किए हैं। अब ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान किसी पुलिसकर्मी, होमगार्ड या SPO की अवैध वसूली में संलिप्तता सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

पुलिस की यह सख्ती सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद देखने को मिली है। इस वीडियो में एक होमगार्ड पर उपहार के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप सामने आया था। मामले में गुरुग्राम पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी होमगार्ड को गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस कमिश्नर ने सभी DCsP और ACsP को अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश देने के लिए कहा है।
ZO और TI की भी होगी जवाबदेही: पुलिस कमिश्नर ने साफ किया है कि ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान अगर किसी पुलिसकर्मी, होमगार्ड या SPO की अवैध वसूली अथवा भ्रष्टाचार में संलिप्तता पाई जाती है तो संबंधित जोनल ऑफिसर (ZO) और ट्रैफिक इंस्पेक्टर (TI) की जवाबदेही भी तय होगी। अधिकारियों को अपने अधीन काम करने वाले कर्मचारियों की गतिविधियों पर नजर रखनी होगी। किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर संबंधित अधिकारियों से भी जवाब मांगा जाएगा।
बॉडी वॉर्न कैमरे के बिना नहीं रुकवाए जाएंगे वाहन: ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई को पारदर्शी बनाने के लिए बॉडी वॉर्न कैमरों के इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया है। निर्देशों के मुताबिक, ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को रोकने और चालान की कार्रवाई बॉडी वॉर्न कैमरे की निगरानी में की जाएगी। बॉडी वॉर्न कैमरे के बिना वाहन रुकवाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इससे वाहन चालकों और पुलिसकर्मियों के बीच होने वाली बहस, गलत व्यवहार और अवैध वसूली जैसी शिकायतों पर भी लगाम लगाने में मदद मिलेगी।
हर 60 दिन में बदलेगी ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी: एक ही जगह पर लंबे समय तक तैनाती के कारण किसी तरह की अनियमितता की आशंका को कम करने के लिए पुलिस ने ट्रांसफर की नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत ट्रैफिक पुलिसकर्मियों का हर 60 दिन बाद रैंडम कंप्यूटरीकृत सिस्टम के जरिए तबादला किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह है कि किसी कर्मचारी की एक ही स्थान पर लंबे समय तक तैनाती न रहे और ड्यूटी व्यवस्था में निष्पक्षता बनी रहे।
CCTV कंट्रोल रूम से रखी जाएगी नजर: ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए CCTV व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा। पुलिस कंट्रोल रूम में ACP स्तर के अधिकारी नियमित रूप से कैमरों की फुटेज की जांच करेंगे। इसके साथ ही CCTV फुटेज का विश्लेषण भी किया जाएगा। अगर किसी पुलिसकर्मी की कोई संदिग्ध गतिविधि या नियमों के खिलाफ काम करने की जानकारी सामने आती है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुलिसकर्मियों के व्यवहार पर भी रहेगी नजर: पुलिस कमिश्नर ने सभी DCsP और ACsP को अपने-अपने जोन में बैठक कर अधीनस्थ कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देने को कहा है। ड्यूटी के दौरान अवैध वसूली, आम लोगों के साथ बदसलूकी, लापरवाही या किसी भी तरह के भ्रष्ट आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि वर्दी जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए है। इसकी आड़ में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि सामने आने पर सख्त कार्रवाई होगी।
गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से की शिकायत करने की अपील: गुरुग्राम पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर कोई पुलिसकर्मी, होमगार्ड या अन्य कर्मचारी ड्यूटी के दौरान पैसे या किसी तरह के उपहार की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। ऐसी शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आम लोगों की सुरक्षा, सम्मान और भरोसा उसकी प्राथमिकता है और भ्रष्टाचार के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।




