गुरुग्राम: DLF फेज-2 में अवैध गेस्ट हाउस पर बड़ी कार्रवाई, चार इमारतें सील
एक महीने बाद फिर शुरू हुआ सीलिंग अभियान, तीन गेस्ट हाउस और एक बेसमेंट में चल रहा व्यावसायिक कार्यालय बंद; शुक्रवार और शनिवार को भी जारी रहेगी कार्रवाई
गुरुग्राम। शहर की लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में रिहायशी मकानों का व्यावसायिक इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने एक बार फिर सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बृहस्पतिवार को डीएलएफ फेज-2 में बड़ी कार्रवाई करते हुए विभाग की एनफोर्समेंट टीम ने चार इमारतों को सील कर दिया। इनमें तीन गेस्ट हाउस और एक बेसमेंट में चल रहा व्यावसायिक कार्यालय शामिल है। विभाग की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध रूप से गेस्ट हाउस और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां चलाने वालों में हड़कंप मच गया।

विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान एल-2/11 के बेसमेंट में संचालित एक व्यावसायिक कार्यालय को सील किया। इसके अलावा के-9/7 में 16 कमरों का गेस्ट हाउस चलता मिला, जिस पर विभाग ने ताला लगा दिया। के-9 में ही एक अन्य गेस्ट हाउस के खिलाफ भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। वहीं, 30 आकाशनीम मार्ग पर 17 कमरों का गेस्ट हाउस संचालित पाया गया, जिसे टीम ने सील कर दिया। इस तरह एक ही दिन में चार इमारतों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
एक महीने बाद दोबारा शुरू हुआ सीलिंग अभियान: खास बात यह है कि करीब एक महीने के अंतराल के बाद विभाग ने डीएलएफ फेज-2 में सीलिंग अभियान दोबारा शुरू किया है। इस इलाके में पहली बार इस तरह सीलिंग की कार्रवाई शुरू की गई है। विभाग की इस कार्रवाई को रिहायशी इलाकों में नियमों के खिलाफ चल रही व्यावसायिक गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली अंतरिम राहत: सीलिंग अभियान दोबारा शुरू करने के पीछे सुप्रीम कोर्ट का 3 नवंबर का आदेश भी अहम है। विभाग के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि मामला अदालत में विचाराधीन होने के बावजूद कोर्ट की ओर से कार्रवाई पर कोई अंतरिम रोक नहीं लगाई गई है। ऐसे में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग नियमानुसार अपनी कार्रवाई जारी रख सकता है।
अगले सप्ताह भी जारी रहेगा अभियान: डीटीपीई अमित मधोलिया ने बताया कि डीएलएफ फेज-2 में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ सीलिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। शुक्रवार और शनिवार को भी विभाग की टीमें कार्रवाई करेंगी। इसके बाद अगले सप्ताह भी अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि रिहायशी मकानों में नियमों के खिलाफ पीजी, गेस्ट हाउस, ऑफिस या दूसरी व्यावसायिक गतिविधियां चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
अमित मधोलिया ने कहा कि लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में मकानों का इस्तेमाल तय नियमों और मंजूर किए गए मानकों के अनुसार ही किया जाना चाहिए। आवासीय मकानों में नियमों के खिलाफ व्यावसायिक गतिविधियां चलाने वालों पर विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अमित मधोलिया, डीटीपीई, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




