गुरुग्राम में सड़कों से हटेंगे खुले में घूमने वाले पशु, नगर निगम चलाएगा विशेष अभियान
गुरुग्राम: शहर की सड़कों और सार्वजनिक जगहों पर खुले में घूमने वाले पशुओं की समस्या से जल्द राहत मिल सकती है। नगर निगम गुरुग्राम ने ऐसे पशुओं को पकड़कर गौशालाओं और नंदीशालाओं में भेजने के लिए विशेष अभियान चलाने का फैसला किया है। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि अभियान को प्रभावी तरीके से चलाया जाए। अगर कोई व्यक्ति पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई में बाधा डालता है तो उससे निपटने के लिए पुलिस की मदद भी ली जाएगी।

शुक्रवार को निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अपने कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की सफाई व्यवस्था, पशुओं के प्रबंधन, स्ट्रीट डॉग्स और वायु प्रदूषण को लेकर चल रहे कामों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि शहर को साफ और सुरक्षित बनाने के लिए सभी विभागों को तय लक्ष्यों के अनुसार काम करना होगा। खासतौर पर सड़कों पर घूमने वाले पशुओं और धूल प्रदूषण की समस्या पर गंभीरता से कार्रवाई करने की जरूरत है।
सड़कों पर घूमते पशुओं से मिलेगी राहत: गुरुग्राम की कई सड़कों और सार्वजनिक जगहों पर खुले में घूमने वाले पशु लोगों के लिए परेशानी का कारण बनते हैं। कई बार इनके चलते यातायात प्रभावित होता है और सड़क हादसों का खतरा भी बना रहता है। इसे देखते हुए नगर निगम अब ऐसे पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाएगा। पकड़े गए पशुओं को सुरक्षित तरीके से गौशालाओं और नंदीशालाओं में भेजा जाएगा।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस काम में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। अभियान के दौरान यदि कोई व्यक्ति सरकारी कार्रवाई में रुकावट डालता है तो जरूरत पड़ने पर पुलिस बल की सहायता ली जाए। निगम का मकसद शहर की सड़कों को खुले में घूमने वाले पशुओं से मुक्त करना है, ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।
शहर की डेयरियों का होगा सर्वे, पशुपालकों को भी दी चेतावनी: बैठक में शहर में चल रही पशु डेयरियों को लेकर भी चर्चा हुई। निगमायुक्त ने अधिकारियों को सभी डेयरियों का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें और उन्हें अपने परिसर के अंदर ही सुरक्षित तरीके से बांधकर रखें।
इसके अलावा पशुओं के गोबर के निस्तारण पर भी खास ध्यान देने को कहा गया है। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि गोबर को नालियों या सीवर में बहाने से जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होती है। इससे नालियां और सीवर जाम हो सकते हैं, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है। इसलिए डेयरी संचालकों को गोबर का उचित प्रबंधन करना होगा और नगर निगम के अधिकारियों को भी इसकी निगरानी करनी होगी।
स्ट्रीट डॉग्स के स्टरलाइजेशन और टीकाकरण में आएगी तेजी\: शहर में आवारा कुत्तों के प्रबंधन को लेकर भी नगर निगम ने अपनी तैयारी तेज करने के निर्देश दिए हैं। निगमायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि स्ट्रीट डॉग्स के स्टरलाइजेशन और टीकाकरण का काम तेजी से पूरा किया जाए। इसके साथ ही डॉग शेल्टर बनाने की प्रक्रिया में भी तेजी लाने को कहा गया है।
इसका उद्देश्य शहर में स्ट्रीट डॉग्स से जुड़ी समस्याओं का बेहतर प्रबंधन करना और जरूरी सुविधाएं विकसित करना है।
22 नवंबर तक चलनी चाहिएं सभी 22 रोड स्वीपिंग मशीनें: गुरुग्राम में बढ़ते धूल प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए भी नगर निगम ने सख्ती दिखाई है। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 22 नवंबर तक सभी 22 रोड स्वीपिंग मशीनें पूरी तरह संचालित हो जानी चाहिएं। इन मशीनों के संचालन की नियमित निगरानी भी की जाएगी, ताकि प्रमुख सड़कों की सफाई में कोई कमी न रहे।
इसके अलावा सड़कों पर जमा धूल को हटाने के लिए वाटर स्प्रिंकलिंग और मुख्य सड़कों की धुलाई का काम भी प्रभावी ढंग से करने को कहा गया है। निगम का प्रयास है कि सड़कों पर जमा धूल हवा में न उड़े और प्रदूषण को कम करने में मदद मिले।
कचरा जलाने वालों पर नजर रखेंगी वार्ड स्तर की टीमें: शहर में खुले में कचरा जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए भी नगर निगम नई व्यवस्था लागू करेगा। इसके तहत हर वार्ड में पेट्रोलिंग टीमें गठित की जाएंगी। ये टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखेंगी और जहां भी कचरा जलाने की घटना सामने आएगी, वहां समय रहते कार्रवाई की जाएगी।
खुले में कचरा जलाना वायु प्रदूषण की बड़ी वजहों में शामिल है। ऐसे में नगर निगम की कोशिश है कि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाकर शहर की हवा को बेहतर बनाया जाए।
सफाई और प्रदूषण नियंत्रण पर निगम का फोकस: निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को साफ कहा कि पशुओं को पकड़ने, डेयरियों के सर्वे, गोबर के उचित निस्तारण, स्ट्रीट डॉग्स के टीकाकरण और स्टरलाइजेशन से लेकर सड़कों की सफाई तक सभी काम तय समयसीमा में पूरे किए जाएं।
नगर निगम की इस पूरी कवायद का मकसद गुरुग्राम को ज्यादा साफ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त बनाना है। अब देखना होगा कि अधिकारियों को दिए गए ये निर्देश जमीन पर कितनी तेजी से लागू होते हैं और शहरवासियों को सड़कों पर घूमने वाले पशुओं, कचरा जलाने और धूल प्रदूषण जैसी समस्याओं से कितनी राहत मिलती है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




