छठ महापर्व को लेकर गुरुग्राम में तैयारियां तेज, बाजारों में रौनक तो घाटों पर भी तैयारी पूरी
गुरुग्राम: आस्था के महापर्व छठ को लेकर साइबर सिटी गुरुग्राम में तैयारियां तेज हो गई हैं। पूर्वांचल के लोगों में छठ पूजा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर के बाजारों में छठ पूजा के सामान की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं, दूसरी तरफ छठ घाटों पर भी पूजा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बाजारों में जहां पूजा की टोकरी, सूप, फल और अन्य सामान की खूब बिक्री हो रही है, वहीं घाटों पर साफ-सफाई, सजावट और सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं।

बाजारों में छठ पूजा के सामान की बढ़ी मांग: छठ महापर्व की रौनक अब गुरुग्राम के बाजारों में भी साफ दिखाई देने लगी है। शहर के कई बाजारों में छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले सामान की दुकानें सज गई हैं। लोग परिवार के साथ खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। कोई पूजा के लिए बांस की टोकरी और सूप खरीद रहा है, तो कोई फल, नारियल और दूसरे जरूरी सामान की खरीदारी में जुटा है।
बाजारों में खासतौर पर महिलाओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है। छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले पारंपरिक सामान की खरीदारी को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। दुकानदारों का कहना है कि पर्व को देखते हुए इस बार भी बाजार में अच्छी बिक्री हो रही है। जैसे-जैसे पूजा के दिन नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे ग्राहकों की संख्या भी बढ़ रही है। दुकानदारों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में खरीदारी और तेज होगी।
श्री सूर्यदेव मंदिर छठ घाट पर 4 से 5 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद: बाजारों के साथ-साथ शहर के छठ घाटों पर भी तैयारियां जोरों पर हैं। गुरुग्राम के श्री सूर्यदेव मंदिर छठ घाट पर श्रद्धालुओं के स्वागत और पूजा की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। घाट पर साफ-सफाई, सजावट और अन्य जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि व्रतियों और उनके परिवारों को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
श्री सूर्यदेव मंदिर छठ घाट समिति के सचिव संजीव कुमार साहू के मुताबिक, हर साल यहां करीब 4 से 5 हजार श्रद्धालु छठ महापर्व में शामिल होने पहुंचते हैं। पिछले करीब 7 साल से संस्था की ओर से यहां छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस बार भी आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। संस्था के वालंटियर्स दिन-रात व्यवस्थाओं को संभालने में जुटे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि आयोजन के लिए जिला प्रशासन की ओर से भी सहयोग मिल रहा है। इस बार गुरुग्राम के विधायक भी मुख्य अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल होंगे। समिति की कोशिश है कि घाट पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और छठ पूजा का आयोजन अच्छे तरीके से संपन्न हो।
छठ महापर्व को लेकर पुलिस भी अलर्ट, 3 हजार जवानों की तैनाती: छठ पूजा के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के इंतजाम तेज कर दिए हैं। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए करीब 3 हजार पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। प्रमुख स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।
वहीं, रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा को लेकर खास सतर्कता बरती जा रही है। हरियाणा पुलिस और रेलवे पुलिस फोर्स की टीमें मिलकर स्टेशन पर हर घंटे चेकिंग कर रही हैं। इसका मकसद यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस की ओर से कोशिश की जा रही है कि छठ महापर्व के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।
डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी जाएगी सुख-समृद्धि की कामना: छठ महापर्व सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति सम्मान का भी प्रतीक है। इस पर्व में व्रती महिलाएं और पुरुष पूरे नियम और श्रद्धा के साथ छठी मैया और भगवान सूर्य की उपासना करते हैं। संध्या अर्घ्य के दौरान डूबते सूर्य को और अगले दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है।
गुरुग्राम में भी पूर्वांचल के लोगों के बीच इस पर्व को लेकर खासा उत्साह है। बाजारों से लेकर छठ घाटों तक हर तरफ पर्व की तैयारियां दिखाई दे रही हैं। अब श्रद्धालुओं को उस पावन पल का इंतजार है, जब वे जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देंगे और छठी मैया से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छी सेहत और खुशहाली की कामना करेंगे।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




