गुरुग्राम में धर्मांतरण के आरोप में 4 महिलाएं गिरफ्तार, गरीब बच्चों के लिए चला रही थीं पाठशाला
गांव घाटा में झुग्गियों के पास चल रही थी निजी पाठशाला, बच्चों को पढ़ाई और खाने-पीने का सामान देने के बहाने ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने का आरोप
गुरुग्राम। गुरुग्राम के गांव घाटा में गरीब परिवारों के बच्चों के लिए निजी पाठशाला चलाने के मामले में धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियों का आरोप सामने आया है। इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये महिलाएं पिछले करीब एक साल से हर शनिवार दिल्ली से गुरुग्राम आती थीं और यहां झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले गरीब परिवारों के बच्चों को पढ़ाने के साथ उन्हें खाने-पीने की चीजें और जरूरी सामान बांटती थीं। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान बच्चों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित भी किया जा रहा था।
पुलिस को इस संबंध में 14 नवंबर को एक व्यक्ति ने लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि गांव घाटा में SPR रोड पर सर्विस स्टेशन के पास बनी झुग्गियों और कच्चे कमरों में कुछ लोग बच्चों के लिए निजी पाठशाला चला रहे हैं। यहां बच्चों को पढ़ाई कराने और खाने-पीने की चीजें देने के साथ कथित तौर पर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-56 थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई और शिकायत में बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई। पुलिस के मुताबिक, मौके पर चार महिलाएं मिलीं। पूछताछ के बाद उनकी पहचान सुमन कुमारी (21), राजकुमारी चाओबा सिंह (36), अशमिता चाहार (35) और ललनपुई (31) के रूप में हुई। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।
अलग-अलग जगहों पर रहती हैं चारों महिलाएं: पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं में सुमन कुमारी दिल्ली के आजादपुर इलाके की रहने वाली है। राजकुमारी चाओबा सिंह मूल रूप से मणिपुर के विष्णुपुर जिले की रहने वाली है और फिलहाल गुरुग्राम के सेक्टर-86 में रह रही थी। अशमिता चाहार नेपाल की रहने वाली है और वर्तमान में दिल्ली के कोटला इलाके में रहती है। वहीं ललनपुई मिजोरम के आइजोल की रहने वाली है और फिलहाल द्वारका, दिल्ली में रह रही थी।
कोई HR तो कोई लीड एनालिस्ट, अस्पताल में भी करती थी स्वयंसेवा: पुलिस की शुरुआती पूछताछ में महिलाओं की नौकरी और पढ़ाई से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, ललनपुई एक निजी कंपनी में HR के पद पर काम करती है, जबकि राजकुमारी चाओबा सिंह एक निजी कंपनी में लीड एनालिस्ट है। अशमिता चाहार एक अस्पताल में कैंसर मरीजों के लिए स्वयंसेवक के तौर पर काम करती है। वहीं सुमन कुमारी ने पिछले साल ही ग्रेजुएशन पूरी की है और फिलहाल बीएड की तैयारी कर रही है।
पुलिस का दावा है कि चारों महिलाएं पिछले करीब एक साल से शनिवार के दिन दिल्ली से गुरुग्राम आती थीं। यहां गरीब परिवारों के बच्चों को शिक्षा और खाने-पीने का सामान देने के नाम पर पाठशाला संचालित की जा रही थी। इसी गतिविधि के दौरान बच्चों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने का आरोप है।
CCTV कैमरा और मोबाइल फोन बरामद: पुलिस ने छापेमारी के दौरान घटनास्थल से एक CCTV कैमरा बरामद किया है। इसके अलावा आरोपी सुमन कुमारी के पास से एक मोबाइल फोन भी मिला है। पुलिस ने दोनों सामान को जांच में शामिल किया है। इस मामले में सेक्टर-56 थाने में हरियाणा गैरकानूनी धर्मांतरण रोकथाम अधिनियम, 2022 की धारा 3(a)(i) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत 14 नवंबर को केस दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस बरामद सामान और गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




