बंजारा मार्केट में कार का शीशा तोड़कर 75 हजार कैश और सोने के गहने चोरी, दिल्ली के दो आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम: 16 नवंबर। गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित बंजारा मार्केट के पास खड़ी एक महंगी कार का शीशा तोड़कर नकदी और सोने के गहने चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कार में रखा बैग चोरी किया था, जिसमें करीब 75 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी और जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी, अर्टिगा कार, तीन मोबाइल फोन और शीशा तोड़ने वाला औजार बरामद किया है। दोनों आरोपी दिल्ली के मदनगीर इलाके के रहने वाले हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 1 नवंबर 2026 की है। पीड़ित ने अपनी टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस कार सेक्टर-56 स्थित बंजारा मार्केट के पास Where Else Restaurant के नजदीक खड़ी की थी। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो कार के पीछे बाईं तरफ के दरवाजे का शीशा टूटा हुआ मिला। कार के अंदर रखा बैग भी गायब था। बैग में करीब 75 हजार रुपये नकद, सोने की एक चेन, एक अंगूठी, पैन कार्ड, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज थे।
पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-65 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने 14 नवंबर को सेक्टर-65 इलाके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान दिल्ली के मदनगीर निवासी 24 वर्षीय दक्ष उर्फ नोनी और 32 वर्षीय राजेश उर्फ रोहन उर्फ चाची के रूप में हुई है।
रेस्टोरेंट और मॉल के आसपास खड़ी महंगी गाड़ियों को बनाते थे निशाना: पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ शाम के समय स्कूटी और कार से गुरुग्राम आते थे। यहां रेस्टोरेंट, मार्केट और मॉल के आसपास सुनसान या अंधेरे में खड़ी महंगी गाड़ियों की तलाश करते थे। मौका मिलते ही ये अपनी वारदात को अंजाम देते थे।
आरोपियों का तरीका भी काफी शातिर था। इनमें से एक आरोपी आसपास खड़ा होकर निगरानी करता था, जबकि दूसरा किसी कठोर चीज या अपनी कोहनी से कार का शीशा तोड़ देता था। इसके बाद कार के अंदर रखा बैग और कीमती सामान लेकर दोनों मौके से फरार हो जाते थे।
दिल्ली में सस्ते दामों पर बेचते थे सोने के गहने: पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान को आरोपी दिल्ली में कम कीमत पर बेच देते थे। वहीं, चोरी से मिलने वाली नकदी को अपने शौक पूरे करने में खर्च करते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बंजारा मार्केट के पास हुई इस चोरी की वारदात को भी इसी तरीके से अंजाम देना कबूल किया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी राजेश उर्फ रोहन उर्फ चाची के खिलाफ दिल्ली में चोरी का एक मामला पहले से दर्ज है।
तीन दिन के रिमांड पर हैं दोनों आरोपी: पुलिस ने दोनों आरोपियों को 14 नवंबर को अदालत में पेश किया था, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी, एक अर्टिगा कार, तीन मोबाइल फोन और गाड़ी का शीशा तोड़ने वाला औजार बरामद किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से चोरी किए गए बाकी सामान की बरामदगी और गुरुग्राम में हुई अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में चोरी की कुछ अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। मामले की जांच जारी है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




