GRAP-3 का उल्लंघन करने वाले 108 वाहनों के चालान, गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस की सख्ती जारी
गुरुग्राम: शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए GRAP-3 के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पिछले 9 दिनों में पुलिस ने BS-III और BS-IV श्रेणी के कुल 108 वाहनों के चालान किए हैं। इनमें BS-III श्रेणी के 28 और BS-IV श्रेणी के 80 वाहन शामिल हैं।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक यह कार्रवाई की गई। GRAP-3 लागू होने के बाद शहर में प्रदूषण फैलाने वाले और प्रतिबंधित श्रेणी में आने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके लिए यातायात पुलिस की टीमें शहर के प्रमुख रास्तों और अलग-अलग इलाकों में लगातार जांच कर रही हैं।
पुलिस की टीमें खासतौर पर ऐसे वाहनों पर नजर रख रही हैं, जिनका GRAP-3 के दौरान सड़कों पर चलना प्रतिबंधित है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने वाले वाहनों के चालान किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे GRAP-3 के दौरान लागू प्रतिबंधों की जानकारी रखें और उनका पालन करें। प्रतिबंधित श्रेणी के वाहनों को सड़कों पर लेकर न निकलें। पुलिस ने लोगों से प्रदूषण कम करने में सहयोग करने की भी अपील की है।
पुलिस का कहना है कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। नियमों का पालन करके न केवल प्रदूषण को कम करने में मदद मिल सकती है, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जा सकता है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




