गुरुग्राम में प्रदूषण फैलाने वालों की खैर नहीं, डीसी ने दिए FIR दर्ज करने के आदेश
गुरुग्राम में कूड़ा जलाने, खुले में कचरा डालने और GRAP नियम तोड़ने पर होगी सीधी कार्रवाई, 15 दिन में जमीन पर दिखना चाहिए काम
गुरुग्राम, 19 नवंबर। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण के बीच गुरुग्राम प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। जिले में प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। कूड़ा जलाने, इंडस्ट्री का कचरा खुले में फेंकने, निर्माण कार्यों से निकलने वाले मलबे (C&D वेस्ट) को नियमों के खिलाफ डालने और GRAP की पाबंदियों का उल्लंघन करने वालों पर सीधे FIR दर्ज कराई जाएगी। इतना ही नहीं, अगर कोई सरकारी कर्मचारी भी कूड़ा जलाता हुआ मिला तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होगी।

डीसी उत्तम सिंह ने गुरुवार को लघु सचिवालय में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक किए गए कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा कि प्रदूषण के मामले में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग अगले 15 दिनों के भीतर जमीन पर कार्रवाई करते हुए नजर आने चाहिए। केवल कागजों में रिपोर्ट देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि फील्ड में इसका असर भी दिखना चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट और CAQM के निर्देशों को गंभीरता से लेने के आदेश: बैठक में डीसी ने कहा कि गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर में प्रदूषण की स्थिति को लेकर सुप्रीम कोर्ट और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) गंभीर हैं। ऐसे में GRAP के अलग-अलग चरणों के तहत लागू पाबंदियों का सख्ती से पालन कराना सभी विभागों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कामों में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आई तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने यह भी कहा कि अगर कोई सरकारी कर्मचारी खुद कूड़ा जलाता पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी FIR दर्ज कराई जाए। इसके अलावा मीडिया और सोशल मीडिया पर सामने आने वाली प्रदूषण संबंधी शिकायतों पर भी अधिकारी तुरंत संज्ञान लें और कार्रवाई सुनिश्चित करें।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 63 जगहों पर की जांच, 9 यूनिट बंद: डीसी ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (HSIIDC), नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग (DTCP) और नगर निगम गुरुग्राम व मानेसर के अधिकारियों को फील्ड में सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि गुरुग्राम के उत्तर और दक्षिण कार्यालयों की टीमों ने इस दौरान 63 स्थानों पर जांच की। नियमों का उल्लंघन मिलने पर 9 औद्योगिक यूनिट बंद कराई गईं, जबकि 7 डीजल जनरेटर (DG) सेट के चालान किए गए।
इस पर डीसी ने कहा कि केवल कुछ स्थानों पर जांच करने से काम नहीं चलेगा। निरीक्षण की संख्या बढ़ाई जाए और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिले, वहां बिना देरी कार्रवाई की जाए।
नगर निगम गुरुग्राम ने काटे 902 चालान: प्रदूषण नियंत्रण को लेकर नगर निगम गुरुग्राम की ओर से की गई कार्रवाई का आंकड़ा भी बैठक में सामने आया। नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर रविंद्र यादव ने बताया कि GRAP लागू रहने के दौरान निगम क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने पर 902 चालान किए गए।
ये चालान मुख्य रूप से कूड़ा जलाने, धूल नियंत्रण के नियमों का पालन नहीं करने, C&D वेस्ट को गलत तरीके से डालने और निर्माण सामग्री को बिना ढके ले जाने जैसे मामलों में किए गए। वहीं, नगर निगम मानेसर के ज्वाइंट कमिश्नर पुनीत कुमार ने भी अपने क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी दी।
GRAP की पाबंदियां बढ़ीं तो पहले से रहें तैयार: डीसी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में की गई कार्रवाई और निरीक्षण की रिपोर्ट तय फॉर्मेट में उनके कार्यालय में जमा कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि 5 से 20 नवंबर तक लागू पाबंदियों को लेकर सभी विभाग सतर्क रहें। यदि भविष्य में GRAP की पाबंदियों की अवधि बढ़ाई जाती है तो वर्क फ्रॉम होम समेत अन्य निर्देशों को लागू कराने में पहले से ही सख्ती बरती जाए।
बैठक में एडीसी सोनू भट्ट, एसीपी सत्यपाल यादव, नगर निगम गुरुग्राम के एसई कृष्ण कुमार, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दक्षिण क्षेत्र के आरओ हरीश शर्मा, उत्तर क्षेत्र के एईई कामेश, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सचिन भाटी, डिप्टी डीईओ गीता आर्य, दीप्ति बोकन और एटीपी आंचल सहित दमकल विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




