18वीं मंजिल से अमेरिका में ठगी का खेल, Apple के नाम पर 17 लोग गिरफ्तार
गुरुग्राम के सेक्टर-61 में फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश, 12 युवक और 5 युवतियां पकड़े गए; अमेरिकी नागरिकों को Apple Gift Card के जरिए लगाते थे चूना
गुरुग्राम की एक हाईराइज बिल्डिंग की 18वीं मंजिल पर बैठकर अमेरिका के लोगों को ठगने का खेल चल रहा था। बाहर से देखने पर यहां सब कुछ किसी सामान्य कॉर्पोरेट ऑफिस जैसा नजर आता था। कंप्यूटर, लैपटॉप और अपनी-अपनी सीट पर काम करते युवक-युवतियां। लेकिन अंदर चल रहा था अमेरिका में बैठे लोगों को निशाना बनाने वाला एक कथित इंटरनेशनल साइबर ठगी का नेटवर्क। साइबर क्राइम थाना साउथ की टीम ने सेक्टर-61 स्थित एमराल्ड डिजिटल ग्रीन्स में छापा मारकर इस फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 12 युवक और 5 युवतियों समेत कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह पिछले करीब चार महीने से सक्रिय था और खासतौर पर अमेरिका के नागरिकों को निशाना बना रहा था। इस पूरे नेटवर्क में अलग-अलग भूमिका निभाने वाले लोग शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों में कम पढ़े-लिखे युवाओं के साथ ग्रेजुएट और MBA डिग्रीधारक भी शामिल हैं। कोई यहां तय सैलरी पर काम कर रहा था तो कोई कमीशन के लालच में इस धंधे का हिस्सा बना हुआ था। हाईराइज बिल्डिंग में चल रहे इस कथित कॉल सेंटर की गतिविधियां बाहर से सामान्य ऑफिस जैसी ही दिखाई देती थीं।
Apple के नाम पर ऐसे फंसाते थे अमेरिकी नागरिकों को: जांच में ठगी का जो तरीका सामने आया है, वह काफी शातिराना था। आरोपी अमेरिका में रहने वाले लोगों के Apple iPhone पर फर्जी पॉप-अप मैसेज भेजते थे। इन मैसेज में इस तरह की जानकारी दिखाई जाती थी, जिससे फोन इस्तेमाल करने वाले को लगता था कि उसके अकाउंट पर कोई अतिरिक्त चार्ज लगा है या पेमेंट से जुड़ी कोई समस्या आ गई है।
इसके बाद कॉल सेंटर में बैठे आरोपी खुद को मदद करने वाला बताते हुए पीड़ितों से संपर्क करते थे। वे उन्हें भरोसे में लेकर कथित अतिरिक्त चार्ज हटवाने या पेमेंट की समस्या ठीक करने का झांसा देते थे। इसी दौरान पीड़ितों को Apple Gift Card खरीदने के लिए कहा जाता था। आरोपी दावा करते थे कि गिफ्ट कार्ड के जरिए ही यह समस्या ठीक हो सकती है।
पीड़ित उनकी बातों में आकर गिफ्ट कार्ड खरीद लेते थे और फिर उसका कोड आरोपियों के साथ साझा कर देते थे। इसके बाद आरोपी इन कार्ड की रकम को अवैध तरीके से अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करते थे। पुलिस के अनुसार, इस तरीके से एक व्यक्ति से औसतन 500 डॉलर या उससे ज्यादा की ठगी की जाती थी। यानी हजारों किलोमीटर दूर गुरुग्राम में बैठकर आरोपी अमेरिकी नागरिकों की जेब पर निशाना साध रहे थे।
15 कंप्यूटर, 6 लैपटॉप और लग्जरी डिफेंडर बरामद: पुलिस की रेड के दौरान कॉल सेंटर में इस्तेमाल होने वाला काफी सामान भी बरामद हुआ है। मौके से 15 कंप्यूटर, 6 लैपटॉप और 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने एक लग्जरी Land Rover Defender कार भी कब्जे में ली है। यह गाड़ी महिला आरोपी शाजिया खान के कब्जे से बरामद हुई है। शाजिया मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली बताई जा रही है।
इस कार्रवाई में एक और अहम नाम सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, चिरागउद्दीन अशरफी इस पूरे नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड है। वह दिल्ली के लक्ष्मीनगर का रहने वाला बताया जा रहा है, लेकिन फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश की जा रही है।
चार महीने से चल रहा था नेटवर्क, अब पैसों का हिसाब खंगाल रही पुलिस: पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों में अनीश और दीप समेत अन्य लोगों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क के जरिए अब तक कितने अमेरिकी नागरिकों को ठगा गया और ठगी की कुल रकम कितनी है।
इसके साथ ही आरोपियों के बैंक खातों, पैसों के लेन-देन और कमीशन के पूरे सिस्टम की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गिफ्ट कार्ड के जरिए हासिल की गई रकम को कहां और किस तरीके से इस्तेमाल किया जाता था। इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
फिलहाल 17 लोगों की गिरफ्तारी के बाद इस कथित इंटरनेशनल ठगी नेटवर्क का खुलासा हुआ है, लेकिन जांच के सामने कई बड़े सवाल अभी बाकी हैं। सबसे अहम सवाल यही है कि चार महीने तक चले इस खेल में अमेरिका के कितने लोग शिकार बने और इसके पीछे काम कर रहे नेटवर्क की पहुंच आखिर कितनी दूर तक थी।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




