गुरुग्राम में प्रॉपर्टी टैक्स नहीं भरने पर MCG की कार्रवाई, 3 संपत्तियां सील
तीनों संपत्तियों पर 38.73 लाख रुपये से ज्यादा का टैक्स बकाया, जोन-2 की टीम ने बलदेव नगर, विजय पार्क और शिवाजी नगर में की कार्रवाई
गुरुग्राम में प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कराने वाले लोगों के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। लंबे समय से टैक्स का भुगतान नहीं करने वाले तीन संपत्ति मालिकों पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम की जोन-2 टीम ने उनकी संपत्तियों को सील कर दिया। इन तीनों संपत्तियों पर कुल 38 लाख 73 हजार 96 रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था।

नगर निगम की टीम ने बुधवार को बलदेव नगर, विजय पार्क और शिवाजी नगर में यह कार्रवाई की। निगम की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बलदेव नगर में महेंद्र पाल की संपत्ति पर 12 लाख 79 हजार 796 रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था। वहीं, विजय पार्क में शितिज सुखीजा की संपत्ति पर 10 लाख 6 हजार 573 रुपये का टैक्स जमा नहीं कराया गया था।
इसके अलावा शिवाजी नगर में स्थित एक अन्य संपत्ति पर भी लंबे समय से टैक्स बकाया चल रहा था। इस संपत्ति पर 15 लाख 86 हजार 727 रुपये की राशि बकाया थी। तीनों मामलों में भुगतान नहीं होने के चलते नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर संपत्तियों को सील कर दिया।
टैक्स नहीं भरा तो आगे भी होगी कार्रवाई: नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डॉ. पंकज ने बकाया प्रॉपर्टी टैक्स वाले संपत्ति मालिकों से जल्द भुगतान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग समय रहते अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा करा दें, ताकि उन्हें सीलिंग जैसी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।
नगर निगम की टीमें शहर के अलग-अलग इलाकों में बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली के लिए अभियान चला रही हैं। निगम का कहना है कि जिन संपत्ति मालिकों ने लंबे समय से टैक्स जमा नहीं कराया है, उनके खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
नगर निगम के लिए प्रॉपर्टी टैक्स शहर की आय का एक अहम जरिया है। इसी राशि से शहर में सड़क, सफाई, स्ट्रीट लाइट और दूसरी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम किए जाते हैं। ऐसे में निगम अब बकायेदारों से टैक्स वसूलने के लिए सीलिंग जैसी कार्रवाई भी कर रहा है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




