गुरुग्राम-फरुखनगर रोड पर दो दिन बंद रहेगा रेलवे फाटक, कई रास्तों पर डायवर्ट होगा ट्रैफिक
गुरुग्राम: गुरुग्राम से फरुखनगर और झज्जर की ओर जाने वाले वाहन चालकों को अगले दो दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। सुल्तानपुर गांव के पास स्थित रेलवे फाटक नंबर LC-4C को सड़क और रेलवे ट्रैक की मरम्मत के चलते बंद किया जा रहा है। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, यह फाटक 20 नवंबर 2026 को सुबह 8 बजे से 21 नवंबर तक सभी तरह के वाहनों के लिए बंद रहेगा।

दरअसल, गुड़गांव-फरुखनगर रोड पर सुल्तानपुर गांव के पास स्थित रेलवे फाटक की सड़क काफी खराब हो चुकी है। यहां सड़क पर गहरे गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। इसी को देखते हुए रेलवे विभाग ने सड़क के साथ-साथ रेलवे ट्रैक की मरम्मत का काम शुरू करने का फैसला लिया है। मरम्मत कार्य के दौरान इस रास्ते से किसी भी तरह के वाहन को गुजरने की अनुमति नहीं होगी।
इन वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल: रेलवे फाटक बंद रहने के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग रूट के लिए वैकल्पिक रास्ते तय किए हैं। गुरुग्राम से फरुखनगर और झज्जर की ओर जाने वाले वाहन चालक चंदू से बादली और रामगोपाल कॉलेज सुल्तानपुर से मुबारकपुर होते हुए झज्जर बाईपास का रास्ता अपना सकते हैं।
वहीं, झज्जर और फरुखनगर से गुरुग्राम आने वाले वाहन चालक झज्जर बाईपास से मुबारकपुर और रामगोपाल कॉलेज सुल्तानपुर होते हुए गुरुग्राम पहुंच सकेंगे।
पटौदी और झज्जर की तरफ से KMP फ्लाईओवर के नीचे से गुरुग्राम आने वाले वाहन चालकों को पटौदी-पचगांव के रास्ते से आने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा फरुखनगर से गुरुग्राम जाने वाले वाहन चालक अनाज मंडी फरुखनगर से वजीरपुर होते हुए गुरुग्राम पहुंच सकते हैं। एक अन्य विकल्प के तौर पर वाहन चालक बादली (दिल्ली) के रास्ते भी गुरुग्राम आ सकते हैं। वहीं, रोहतक और झज्जर से गुरुग्राम आने वाले वाहन चालकों को भी बादली वाले रूट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस की वाहन चालकों से अपील: गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे रेलवे फाटक बंद रहने के दौरान इस रास्ते पर जाने से बचें और अपनी मंजिल के हिसाब से पहले ही वैकल्पिक रूट चुन लें। खासकर फरुखनगर, झज्जर और आसपास के इलाकों में आने-जाने वाले लोग घर से निकलने से पहले अपने रास्ते की योजना बना लें, ताकि जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
रेलवे विभाग का मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद इस रास्ते पर वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू हो सकेगी।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




