द्वारका एक्सप्रेसवे पर कार को घसीटता हुआ गड्ढे में उतरा ट्रॉला, 3 गाड़ियां चपेट में; कई घायल
गुरुग्राम: द्वारका एक्सप्रेसवे पर गुरुवार रात एक बेकाबू ट्रॉले ने ऐसा तांडव मचाया कि तीन कारें उसकी चपेट में आ गईं। टक्कर के बाद एक कार ट्रॉले के साथ घिसटती हुई सड़क से नीचे गहरे गड्ढे में जा पहुंची। हादसे में कई लोग घायल हो गए, जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।

हादसा रात करीब 10:30 बजे एवीएल-36 सोसाइटी के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार से आ रहे लोडिंग ट्रॉले का चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रॉला रास्ते में चल रही तीन कारों से जा भिड़ा। टक्कर का असर इतना ज्यादा था कि एक कार ट्रॉले के साथ काफी दूर तक घिसटती चली गई और आखिरकार सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी।
एक कार के उड़े परखच्चे, दो टैक्सियां भी क्षतिग्रस्त: दुर्घटना में दो व्यावसायिक टैक्सियों के अलावा एक निजी कार भी शामिल थी। तीनों वाहनों को टक्कर से भारी नुकसान पहुंचा। गड्ढे में गिरी कार की हालत बेहद खराब हो गई। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने रुककर घायलों की मदद की। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस के पहुंचने तक राहत कार्य में सहयोग किया।
घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया: हादसे में घायल हुए लोगों को पुलिस और राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, दो घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। हालांकि घायलों की कुल संख्या और उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
क्रेन बुलाकर निकाला गया ट्रॉला और कार: दुर्घटना के बाद सबसे बड़ी चुनौती गड्ढे में फंसे वाहनों को बाहर निकालने की थी। इसके लिए मौके पर भारी क्रेन मंगवाई गई। काफी मशक्कत के बाद ट्रॉले और क्षतिग्रस्त कार समेत अन्य वाहनों को हटाया गया। इसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था बहाल की जा सकी।
हादसे की वजह तलाश रही पुलिस: पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि भारी वाहन चालक ने नियंत्रण कैसे खोया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना से पहले की स्थिति और टक्कर की पूरी घटना का पता चल सके। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




