द्वारका एक्सप्रेसवे पर रविवार को ट्रैफिक रहेगा प्रभावित, 12 बार रोका जाएगा रास्ता
गुरुग्राम: द्वारका एक्सप्रेसवे के पास NPR-CPR जंक्शन पर रविवार, 22 नवंबर को वाहन चालकों को ट्रैफिक की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (HVPNL) की ओर से 400 केवी बिजली लाइन के कंडक्टर हटाने का काम किया जाएगा। इसके चलते काम के दौरान ट्रैफिक को बार-बार रोकना पड़ेगा। ऐसे में इस रूट से गुजरने वाले वाहन चालकों को अपनी यात्रा के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।

दरअसल, ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट के तहत हरियाणा सरकार की ओर से इस इलाके से गुजर रही 400 केवी बिजली लाइन के एक हिस्से को शिफ्ट और री-रूट किया जा रहा है। यह लाइन CPR की ग्रीन बेल्ट और NPR के ऊपर से गुजरती है। इसी काम के चलते द्वारका एक्सप्रेसवे के पास NPR-CPR जंक्शन पर मौजूदा 400 kV D/C दौलताबाद-सेक्टर-72 गुरुग्राम लाइन के कंडक्टर हटाए जाएंगे।
10 मिनट के लिए 12 बार रोका जाएगा ट्रैफिक
HVPNL की ओर से रविवार को बिजली लाइन के सड़क के ऊपर से गुजर रहे 12 कंडक्टरों को सुरक्षित तरीके से हटाने का काम किया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक को कुछ-कुछ समय के लिए रोका जाएगा। जारी एडवाइजरी के मुताबिक, करीब 10 मिनट के लिए कुल 12 बार वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी।
इन दो रास्तों पर रहेगा असर
काम के चलते NPR-CPR जंक्शन के आसपास दो जगहों पर ट्रैफिक प्रभावित होगा।
- सर्विस रोड/लिंक रोड: द्वारका एक्सप्रेसवे के NPR-CPR जंक्शन पर ओवरब्रिज के ऊपर से गुजरने वाली सर्विस और लिंक रोड।
- मेन द्वारका रोड: NPR-CPR जंक्शन के पास मुख्य द्वारका रोड।
वाहन चालक इन बातों का रखें ध्यान
ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, रविवार को इस इलाके से गुजरने वाले वाहन चालक पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाकर निकलें। रास्ते में काम के दौरान कुछ समय के लिए वाहनों को रोकना पड़ सकता है, जिससे ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो सकती है।
वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे संभव हो तो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। इससे न केवल जाम और परेशानी से बचने में मदद मिलेगी, बल्कि बिजली लाइन हटाने का काम भी सुरक्षित तरीके से पूरा किया जा सकेगा।
कब और कहां रहेगा ट्रैफिक प्रभावित?
- दिन: रविवार, 22 नवंबर 2026
- स्थान: NPR-CPR जंक्शन, द्वारका एक्सप्रेसवे
- प्रभावित रास्ते: सर्विस/लिंक रोड और मेन द्वारका रोड
- ट्रैफिक रोकने की अवधि: करीब 10 मिनट के लिए 12 बार
इसलिए रविवार को द्वारका एक्सप्रेसवे और NPR-CPR जंक्शन के आसपास से गुजरने वाले लोग घर से निकलने से पहले इस ट्रैफिक एडवाइजरी का ध्यान जरूर रखें।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




