गुरुग्राम के क्लब में रात 3 बजे हंगामा, सोशल मीडिया के 2 स्टार समेत 3 युवकों की पिटाई
गुरुग्राम: शहर के एक नामी नाइट क्लब में पार्टी करने पहुंचे सोशल मीडिया क्रिएटर्स के लिए रात उस वक्त मुसीबत बन गई, जब मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। ब्रिस्टल होटल के वाका-वाका क्लब में हुए इस घटनाक्रम में तीन युवक घायल हो गए। इनमें सोशल मीडिया पर लोकप्रिय राहुल और हिमांशु भी शामिल हैं। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

घटना गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, क्लब में एक गिलास टूटने के बाद कर्मचारियों और युवकों के बीच तनातनी शुरू हुई थी। आरोप है कि बाद में बाउंसरों ने तीनों युवकों की पिटाई कर दी। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
एक गिलास टूटने से बिगड़ा पार्टी का माहौल: बताया जा रहा है कि राहुल, हिमांशु और अंशुल अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ रात करीब साढ़े 11 बजे क्लब पहुंचे थे। पार्टी के दौरान वहां मौजूद लोगों ने राहुल और हिमांशु को पहचान लिया। इसके बाद उनके साथ तस्वीरें लेने का सिलसिला शुरू हो गया।
इसी बीच राहुल के हाथ से कांच का गिलास छूटकर नीचे गिर गया। गिलास टूटने के बाद क्लब स्टाफ ने इस पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। रात बढ़ने के साथ विवाद भी गहराता गया और करीब 2 से 3 बजे के बीच नौबत मारपीट तक पहुंच गई।
अस्पताल पहुंचने पर घायलों को लगाने पड़े टांके: इस झगड़े में राहुल, हिमांशु और अंशुल घायल हो गए। आरोप है कि क्लब के बाउंसरों ने तीनों के साथ मारपीट की। घटना के बाद उन्हें सेक्टर-10 के सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान घावों पर टांके लगाए।
बाद में तीनों को पालम विहार स्थित पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहुल और हिमांशु को अपेक्षाकृत ज्यादा चोटें आई हैं।
लाखों लोग देखते हैं दोनों के वीडियो: इस घटना में घायल हुए राहुल और हिमांशु सोशल मीडिया पर जाने-पहचाने चेहरे हैं। दोनों स्केटिंग के साथ-साथ मनोरंजक वीडियो और प्रैंक कंटेंट के लिए भी पहचाने जाते हैं।
राहुल के यूट्यूब चैनल पर 9.18 लाख सब्सक्राइबर हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर उन्हें करीब 7.70 लाख लोग फॉलो करते हैं। हिमांशु की डिजिटल पहुंच इससे भी ज्यादा है। उनके यूट्यूब पर 20.80 लाख सब्सक्राइबर और इंस्टाग्राम पर 3.93 लाख फॉलोअर्स हैं। दोनों के वीडियो में फैमिली व्लॉग और कॉमेडी कंटेंट प्रमुखता से देखने को मिलता है।
क्लब की टाइमिंग और पार्टी ऑफर्स भी चर्चा में: वाका-वाका क्लब अपने सोशल मीडिया पेज पर देर रात तक पार्टी की गतिविधियों का प्रचार करता है। क्लब के इंस्टाग्राम अकाउंट पर रात 11 बजे से सुबह 8 बजे तक खुले रहने की जानकारी दी गई है। शुक्रवार की पार्टी के प्रचार में टेक्नो और बॉलीवुड म्यूजिक के साथ मनोरंजन का वादा किया गया था। पोस्ट में रात 12 बजे तक महिलाओं और कपल्स के लिए फ्री एंट्री का ऑफर भी शामिल था।
शिकायत का इंतजार कर रही पुलिस: मामले में अभी तक पुलिस के पास किसी पक्ष की लिखित शिकायत नहीं पहुंची है। डीएलएफ फेज-1 थाना प्रभारी मनोज के अनुसार, क्लब में झगड़े की सूचना मिली है। घायलों के बयान दर्ज करने के लिए पुलिस टीम अस्पताल भेजी गई है।
पुलिस अब क्लब के CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांचेगी। इससे यह पता लगाने की कोशिश होगी कि विवाद किस तरह शुरू हुआ और मारपीट में कौन-कौन शामिल था। घायलों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




