सेक्टर-7 मार्केट में दुकानदार पर चाकू से हमला, मास्टरमाइंड दानिश गिरफ्तार
गुरुग्राम: सेक्टर-7 हुडा मार्केट में एक दुकानदार पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय मोहम्मद दानिश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए अपने ही कर्मचारी को चाकू देकर दुकानदार पर हमला करने भेजा था। इस पूरी वारदात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद मामला चर्चा में आया।

पुलिस के अनुसार, घटना 17 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे की है। सेक्टर-7 हुडा मार्केट में एक 35 वर्षीय दुकानदार अपनी दुकान के काउंटर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान सामने स्थित DK Enterprises दुकान के मालिक दानिश के यहां काम करने वाला एक कर्मचारी अपने कुछ अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि सभी जबरन दुकानदार की दुकान में घुस गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
हमलावरों ने पहले दुकान का सामान उठाकर दुकानदार को मारने की कोशिश की। इसके बाद उसके साथ गाली-गलौज और थप्पड़बाजी की। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने चाकू निकालकर दुकानदार के गले, हाथ और पेट पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल दुकानदार को इलाज के लिए सेक्टर-10 स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित की शिकायत पर 18 नवंबर को न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुरानी कहासुनी का बदला लेने के लिए रची थी साजिश: पुलिस जांच में सामने आया कि इस हमले के पीछे DK Enterprises का मालिक मोहम्मद दानिश था। पुलिस ने 19 नवंबर को उसे सेक्टर-7 से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कोरियर की दुकान चलाता है और कुछ दिन पहले उसकी पीड़ित दुकानदार के साथ कहासुनी हुई थी। इसी बात को लेकर वह उससे रंजिश रखने लगा था।
पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते दानिश ने अपने कर्मचारी को चाकू दिया और दुकानदार पर हमला करने के लिए भेजा था। इस तरह हमले के पीछे की साजिश का खुलासा हुआ और पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही वारदात में शामिल कर्मचारी और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




