गुरुग्राम में MCG का एक्शन: 25 दिन में 1420 चालान, 52.42 लाख का जुर्माना
पॉलीथिन इस्तेमाल करने वालों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई, कूड़ा जलाने के 109 और सार्वजनिक जगहों पर थूकने के 227 मामले आए सामने
गुरुग्राम: शहर में स्वच्छता और पर्यावरण नियमों की अनदेखी करना अब लोगों को भारी पड़ रहा है। नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए महज 25 दिनों में 1420 चालान काटे हैं। 1 से 25 नवंबर 2026 के बीच की गई इस कार्रवाई में कुल 52 लाख 42 हजार 400 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

नगर निगम की कार्रवाई में सबसे ज्यादा मामले प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल के सामने आए। इसको लेकर 576 चालान किए गए और 4 लाख 56 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर थूकने के 227 और डस्टबिन का इस्तेमाल नहीं करने के 189 मामलों में भी कार्रवाई की गई।
कूड़ा जलाने वालों पर भी निगम ने सख्ती दिखाई। इस दौरान ऐसे 109 मामले पकड़े गए, जिनमें 5 लाख 45 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा पानी की बर्बादी करने पर 74 चालान काटे गए और 1 लाख 25 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
निर्माण कार्यों में लापरवाही पर लाखों का जुर्माना: शहर में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए नगर निगम ने निर्माण स्थलों और धूल नियंत्रण के नियमों पर भी निगरानी बढ़ाई है। निर्माण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर 45 मामलों में 15 लाख 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, धूल नियंत्रण से जुड़े निगमायुक्त के आदेशों की अनदेखी करने पर 59 चालान काटे गए, जिन पर 14 लाख 75 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
निर्माण सामग्री को बिना ढके ले जाने के 23 मामले सामने आए, जिनमें 1 लाख 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। सीएंडडी वेस्ट यानी निर्माण एवं तोड़फोड़ से निकलने वाले मलबे के नियमों का उल्लंघन करने पर 21 मामलों में 4 लाख 40 हजार रुपये की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा कूड़ा फैलाने, अवैध डंपिंग और स्टॉर्म ड्रेन में अवैध कनेक्शन से जुड़े 21 मामलों में 2 लाख 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
नो स्मोकिंग जोन में धूम्रपान करने पर भी चालान: नगर निगम की कार्रवाई केवल कूड़े और निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं रही। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। नो स्मोकिंग जोन में सिगरेट पीने के 46 मामलों में 9,200 रुपये के चालान काटे गए।
इसके अलावा खुले में शौच के 16, सेप्टेज नियमों के उल्लंघन के 2, अवैध मीट शॉप के 2 और खुले में पेशाब करने के 2 मामले दर्ज किए गए। नाली में पशुओं का गोबर बहाने के 3 मामलों में भी जुर्माना लगाया गया। वहीं, बल्क वेस्ट की लिटरिंग और डंपिंग के एक मामले में 25 हजार रुपये की कार्रवाई की गई।
नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई: निगमायुक्त डॉ. पंकज के मुताबिक, गुरुग्राम को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए नियमों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और उल्लंघन मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, प्रतिबंधित पॉलीथिन का इस्तेमाल न करें और निर्माण सामग्री को ढककर रखें। साथ ही निर्माण स्थलों पर धूल को नियंत्रित करने के लिए पानी का छिड़काव करें और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने से बचें। निगम के अनुसार, स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




