गुरुग्राम में दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, 15 रुपये में कर सकेंगे सफर
गुरुग्राम: शहर में बस से सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही सड़कों पर नई इलेक्ट्रिक बसें नजर आएंगी। 27 नवंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल इन बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। बसों का ट्रायल पूरा हो चुका है और अब इनके नियमित संचालन की तैयारी है।

इन बसों के आने से खासकर उन इलाकों के लोगों को राहत मिल सकती है, जहां अभी बसों की सुविधा कम है। द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास और नए सेक्टरों में रहने वाले लोगों को मेट्रो स्टेशन या शहर के दूसरे हिस्सों तक जाने के लिए अक्सर ऑटो और कैब लेनी पड़ती है। नई बसें शुरू होने के बाद उनके पास आने-जाने का एक सस्ता विकल्प होगा।
25 रूटों पर चलेंगी बसें
शहर में इलेक्ट्रिक बसों के लिए 25 रूट तय किए गए हैं। इन रूटों से मिलेनियम सिटी सेंटर, साइबर हब, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे के अलावा कई रिहायशी सेक्टर जुड़ेंगे। इससे नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
15 से 35 रुपये तक रहेगा किराया
बस में सफर करने के लिए यात्रियों को दूरी के हिसाब से 15 से 35 रुपये तक किराया देना होगा। सभी बसें एसी होंगी। इनमें सीसीटीवी कैमरे और जीपीएस ट्रैकिंग की सुविधा रहेगी। इसके अलावा हर सीट पर पैनिक बटन दिया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्री मदद मांग सकें।
सेक्टर-48 में बना बसों का डिपो
बसों को खड़ा करने और चार्ज करने के लिए सेक्टर-48 में नया डिपो तैयार किया गया है। करीब 7 एकड़ में बने इस डिपो में एक साथ 100 बसें खड़ी हो सकेंगी। यहां 25 बसों को एक साथ चार्ज करने की व्यवस्था भी की गई है। डिपो सुभाष चौक से हीरो होंडा चौक को जोड़ने वाली सड़क पर बनाया गया है। इसका उद्घाटन भी 27 नवंबर को होगा।
दिवाली से चल रहा था ट्रायल
इन इलेक्ट्रिक बसों को दिवाली के आसपास से अलग-अलग रूटों पर चलाकर देखा जा रहा था। यात्रियों के साथ किए गए ट्रायल में बसों की कार्यक्षमता और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जांच की गई। अब ट्रायल पूरा होने के बाद GMDA और GMCBL ने बस सेवा शुरू करने की तैयारियां कर ली हैं।
गुरुग्राम में निजी गाड़ियों की बढ़ती संख्या के चलते कई सड़कों पर रोजाना जाम लगता है। ऐसे में इलेक्ट्रिक बसों से लोगों को अपनी गाड़ी छोड़कर सार्वजनिक परिवहन अपनाने का विकल्प मिलेगा। इससे ट्रैफिक का दबाव और वाहनों से होने वाला प्रदूषण कम करने में भी मदद मिल सकती है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




