द्वारका एक्सप्रेसवे पर कल ट्रैफिक रहेगा प्रभावित, 12 बार रोका जाएगा रास्ता
गुरुग्राम: द्वारका एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों को गुरुवार, 26 नवंबर को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। एनपीआर-सीपीआर जंक्शन के पास ओवरब्रिज पर बिजली की हाईटेंशन लाइन से जुड़ा काम किया जाएगा। इसके चलते सर्विस रोड और लिंक रोड पर यातायात को कुछ-कुछ देर के लिए रोकना पड़ेगा।

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक, 26 नवंबर को एनपीआर-सीपीआर जंक्शन के पास 400 केवी डी/सी दौलताबाद-सेक्टर-72 बिजली लाइन के 12 कंडक्टर उतारने का काम किया जाएगा। यह काम ओवरब्रिज पर सर्विस रोड और लिंक रोड के हिस्से में होगा।
काम के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक को रुक-रुक कर नियंत्रित किया जाएगा। इस दौरान वाहनों को करीब 5-5 मिनट के लिए कुल 12 बार रोका जाएगा। ऐसे में इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों को कुछ समय तक इंतजार करना पड़ सकता है। खासकर व्यस्त समय में यहां वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को दी ये सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि 26 नवंबर को इस रूट से निकलने की योजना बना रहे लोग घर से थोड़ा पहले निकलें और अपने सफर के लिए अतिरिक्त समय रखें। संभव हो तो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें, ताकि काम के दौरान लगने वाले ट्रैफिक जाम से बचा जा सके।
इसके अलावा मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी गई है। पुलिस का कहना है कि बिजली लाइन से जुड़े इस काम के दौरान यातायात को सुरक्षित तरीके से संचालित करने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएंगे।
इसलिए अगर आप गुरुवार को द्वारका एक्सप्रेसवे या एनपीआर-सीपीआर जंक्शन के आसपास से गुजरने वाले हैं, तो निकलने से पहले अपने रूट की योजना जरूर बना लें।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




