गुरुग्राम में ट्रक से 371 किलो गांजा बरामद, राजस्थान के दो तस्कर गिरफ्तार
गुरुग्राम: गुरुग्राम में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए STF की सेंट्रल यूनिट ने बड़ी खेप पकड़ी है। बल्लभगढ़-सोहना रोड पर सांचोली गांव के पास पुलिस ने राजस्थान नंबर के एक टाटा ट्रक से 371 किलो 680 ग्राम गांजा बरामद किया। मौके से ट्रक में सवार राजस्थान के चूरू जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजे की खेप के साथ ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सज्जन निवासी चांदगोठी, राजगढ़ और रामसिंह निवासी त्रिपाली छोटी, जिला चूरू (राजस्थान) के रूप में हुई है। सज्जन ट्रक चला रहा था, जबकि रामसिंह उसके साथ कंडक्टर सीट पर बैठा था।
मुखबिर से मिली सूचना, पुलिस ने रोका ट्रक
STF सेंट्रल यूनिट की टीम 25 नवंबर की शाम सोहना क्षेत्र में लाखूवास मोड़ के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्रोबेशनरी सब-इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि राजस्थान नंबर का टाटा ट्रक (RJ 21GB 4543) वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के रास्ते सांचोली गांव की ओर आ रहा है। सूचना में ट्रक में भारी मात्रा में गांजा होने की बात कही गई थी।
इसके बाद टीम ने लाखूवास कट के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर चालक ने नाके से करीब 25-30 कदम पहले ही ट्रक रोक दिया। पुलिसकर्मियों ने तुरंत वाहन को घेर लिया और उसमें मौजूद दोनों लोगों को हिरासत में ले लिया।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ट्रक की तलाशी
कार्रवाई के दौरान सोहना के नायब तहसीलदार बीर सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। वह रात करीब 9:50 बजे घटनास्थल पर पहुंचे। नियमानुसार पहले मजिस्ट्रेट ने पुलिस टीम की तलाशी ली। इसके बाद दोनों आरोपियों की व्यक्तिगत तलाशी ली गई, लेकिन उनके पास से कोई नशीला पदार्थ नहीं मिला।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट के लिखित आदेश के बाद ट्रक के पिछले हिस्से की तलाशी ली गई। वहां काले पॉलीथीन और तिरपाल से ढके 19 प्लास्टिक के कट्टे मिले। पुलिस ने जब कट्टों को खोलकर देखा तो उनमें गांजा भरा हुआ था। आरोपी इस खेप से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट भी नहीं दिखा सके।
इलेक्ट्रॉनिक कांटे से किया गया वजन
STF टीम ने मौके पर ही इलेक्ट्रॉनिक कांटे से सभी 19 कट्टों का अलग-अलग वजन किया। इनका कुल वजन 371.680 किलोग्राम निकला। कार्रवाई के दौरान साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए घटनास्थल की फोटो और वीडियो भी ई-साक्ष्य ऐप के जरिए रिकॉर्ड की गई।
पुलिस ने बरामद गांजे के दो सैंपल तैयार कर सील किए। इसके अलावा सभी 19 कट्टों और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया।
सदर सोहना थाने में NDPS एक्ट के तहत FIR
मामले में पुलिस की शिकायत पर थाना सदर सोहना में दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे गुरुग्राम या आसपास के किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




