गुरुग्राम में ACP सिटी की क्राइम मीटिंग, रात की गश्त बढ़ाने के निर्देश
गुरुग्राम, 26 नवंबर। गुरुग्राम में अपराध पर लगाम लगाने और आम लोगों की शिकायतों का जल्द समाधान करने को लेकर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। गुरुवार को एसीपी सिटी नवीन शर्मा (HPS) ने थाना सिविल लाइन के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने इलाके में कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति और थाने में लंबित शिकायतों व मामलों की समीक्षा की। साथ ही पुलिसकर्मियों को साफ निर्देश दिए कि शिकायतों के निपटारे में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में एसीपी सिटी ने कहा कि आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उन पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। किसी भी शिकायत को बेवजह लंबित न रखा जाए और तय समय के भीतर उसका समाधान किया जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को यह भी हिदायत दी कि शिकायत लेकर थाने पहुंचने वाले लोगों को अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें।
चोरी और स्नैचिंग रोकने के लिए बढ़ेगी रात की गश्त: शहर में चोरी, मोबाइल और चेन स्नैचिंग समेत दूसरी आपराधिक वारदातों पर रोक लगाने के लिए एसीपी ने रात्रि गश्त को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में अपराध होने की आशंका अधिक रहती है, वहां पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाए। संवेदनशील क्षेत्रों, सुनसान जगहों और अपराध संभावित स्थानों पर पुलिसकर्मी नियमित रूप से गश्त करें, ताकि बदमाशों पर नजर रखी जा सके और वारदातों को समय रहते रोका जा सके।
बेल जंपर्स और भगोड़े अपराधियों पर होगी कार्रवाई: एसीपी नवीन शर्मा ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध पर नियंत्रण के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही बेल जंपर्स यानी जमानत मिलने के बाद अदालत में पेश न होने वाले आरोपियों और उद्घोषित अपराधियों (POs) को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। ऐसे आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएं।
RWA और व्यापारिक संगठनों के साथ पुलिस करेगी बैठक: बैठक में स्थानीय लोगों के साथ बेहतर तालमेल बनाने पर भी जोर दिया गया। एसीपी सिटी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ नियमित बैठकें करें। इन बैठकों के जरिए स्थानीय लोगों की समस्याओं और सुरक्षा से जुड़ी जरूरतों को समझा जाए, ताकि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय बन सके।
डार्क स्पॉट और गलियों में CCTV कैमरे लगाने पर जोर: शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए मुख्य चौराहों, अंधेरे वाले स्थानों (डार्क स्पॉट्स) और संकरी गलियों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए। एसीपी ने कहा कि इस काम में स्थानीय नागरिकों का सहयोग लिया जाए। जिन स्थानों पर पहले से कैमरे लगे हुए हैं, उनकी नियमित जांच और मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर किसी भी घटना से जुड़े फुटेज का इस्तेमाल किया जा सके।
एसीपी सिटी नवीन शर्मा ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध नियंत्रण, आमजन की सुरक्षा और शिकायतों के त्वरित समाधान में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। पुलिस की सक्रियता बढ़ाने और स्थानीय लोगों के सहयोग से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




