द्वारका एक्सप्रेसवे पर 29 नवंबर को ट्रैफिक रहेगा प्रभावित, 8 बार रोका जाएगा यातायात
खेड़की दौला क्लोवरलीफ के पास बिजली लाइन के तार हटाने और लगाने का काम होगा, हर बार 10 मिनट के लिए रोका जाएगा ट्रैफिक
गुरुग्राम: द्वारका एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों को 29 नवंबर को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। खेड़की दौला क्लोवरलीफ इंटरचेंज के पास बिजली की हाईटेंशन लाइन के तार हटाने और नए तार लगाने का काम किया जाएगा। इसके चलते इस मार्ग पर यातायात को रुक-रुक कर रोका जाएगा। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी कर वाहन चालकों से पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 400 केवी दौलताबाद-सेक्टर-72 बिजली लाइन पर काम के चलते 29 नवंबर को द्वारका एक्सप्रेसवे के खेड़की दौला क्लोवरलीफ के पास यातायात प्रभावित रहेगा। इस दौरान NH-48 से द्वारका की ओर जाने वाले मार्ग और उससे जुड़ी सर्विस रोड पर वाहनों को रोका जाएगा।
हर बार 10 मिनट के लिए रुकेगा ट्रैफिक: बिजली लाइन से जुड़े काम के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक को एक साथ लगातार बंद नहीं किया जाएगा, बल्कि रुक-रुक कर रोका जाएगा। पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, हर बार करीब 10 मिनट के लिए वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी। इस तरह कुल 8 बार ट्रैफिक रोका जाएगा। काम सुबह से शुरू होगा। ऐसे में इस रूट से गुजरने वाले वाहन चालकों को अपनी मंजिल तक पहुंचने में सामान्य से अधिक समय लग सकता है।
ट्रैफिक पुलिस ने दी ये सलाह: गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि 29 नवंबर को इस रास्ते से निकलने से पहले अतिरिक्त समय लेकर चलें। संभव हो तो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें, ताकि जाम में फंसने से बचा जा सके। इसके अलावा मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और जल्दबाजी में लेन बदलने से बचने की भी सलाह दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर तैनात रहेगी और यातायात को सामान्य बनाए रखने का प्रयास करेगी। ऐसे में अगर आप NH-48 से द्वारका एक्सप्रेसवे की तरफ जाने वाले हैं, तो निकलने से पहले इस ट्रैफिक एडवाइजरी को जरूर ध्यान में रखें।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




