चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2025-26 का आम बजट हरियाणा के लोगों के विकास को समर्पित होगा। उन्होंने कहा कि इस बजट में सभी हितधारकों से लिए गए महत्वपूर्ण सुझावों को शामिल किया जाएगा और प्रदेश के विकास को तीन गुना गति से आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने चुनावी संकल्प पत्र में किए गए 240 वायदों में से 18 को पहले 100 दिनों में ही सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इसके अलावा, 6 संकल्पों पर कार्य प्रगति पर है और उन्हें जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। वहीं, 50 संकल्प ऐसे हैं जो वित्तीय या प्रशासनिक मंजूरी की प्रक्रिया में हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार के पहले 100 दिनों में प्रदेश की 810 किलोमीटर लंबी सड़कों की मरम्मत के लिए 347 करोड़ की राशि जारी की गई है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रदेश की कोई भी सड़क टूटी हुई न दिखे। इसके अलावा, सरकार ने 13 लाख गरीब परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की योजना शुरू की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2025-26 का बजट हरियाणा के लोगों के लिए विकास और समृद्धि लेकर आएगा। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर वर्ग के लोगों के जीवन स्तर को ऊपर उठाना है। इसके लिए सभी क्षेत्रों में तेजी से काम किया जा रहा है। पहले 100 दिनों में जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वे प्रदेश के विकास की दिशा में एक मजबूत नींव रखने का काम करेंगी।



