करनाल,15 फरवरी। निकाय चुनाव की बैठक करने जा रहे भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के काफिले की गाड़ी सहित चार वाहन टकरा गए। इसमें एक बुजुर्ग की कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के दौरान प्रदेशाध्यक्ष की गाड़ी आगे निकल चुकी थी। वह सेक्टर-9 स्थित भाजपा कार्यालय में निकाय चुनाव की बैठक करने जा रहे थे। जीटी रोड पर कर्ण लेक के पास हुआ।
हादसे के बारे में प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि उनके काफिले की किसी भी गाड़ी के साथ हादसा नहीं हुआ है। हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार के चालक बुजुर्ग ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ कार में सवार होकर चंडीगढ़ से फरीदाबाद की तरफ जा रहे थे। जीटी रोड पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली की गाड़ियों का काफिला उसकी कार को ओवरटेक कर रहा था।जब काफिला कर्ण लेक के पास पहुंचा तो काफिले में शामिल गाड़ियों ने बायीं ओर मोड़ लिया। काफिले में पीछे चल रही पुलिस की गाड़ी के चालक ने मोड़ पर अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रही पुलिस की दूसरी गाड़ी उससे टकरा गई। उसे देख उसने ने भी अपनी कार के ब्रेक लगाए।उनकी कार आगे चल रही कार से टकराने से तो बच गई, लेकिन पीछे से आ रहे आर्मी के ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मार दी। उनके पैर और कंधे पर चोट लगी है। टक्कर के बाद लगे झटके से उनकी पत्नी भी चोटिल हुई हैं। सदर थाना प्रभारी विष्णु मित्र का कहना है कि हाईवे पर हादसा हुआ है। चार गाड़ियों की टक्कर हुई है। कोई घायल नहीं हुआ है। हादसा किस कारण हुआ इसका पता नहीं चला है।

संबंधित कहानियां



