Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में चाकू दिखाकर CSC सेंटर से 50 हजार की लूट, तीन आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम, 30 अक्टूबर। गुरुग्राम की शीतला कॉलोनी में CSC सेंटर और मनी ट्रांसफर की दुकान पर चाकू दिखाकर 50 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले दुकान पर चार्जर लेने के बहाने पहुंचकर रेकी की और फिर मौका देखकर दुकानदार को धक्का देकर उसका मुंह दबाया। इसके बाद चाकू दिखाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तीनों को बसई इलाके से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, शीतला कॉलोनी निवासी एक दुकानदार ने 29 अक्टूबर को थाना सेक्टर-5 में शिकायत दी थी। उसने बताया कि उसकी इलाके में CSC सेंटर की दुकान है, जहां वह मनी ट्रांसफर का काम भी करता है। 28 अक्टूबर की शाम करीब 8:30 बजे दो युवक उसकी दुकान पर आए और मोबाइल फोन का चार्जर दिखाने के लिए कहा। कुछ देर बाद दोनों वहां से चले गए।
दुकानदार को लगा कि दोनों युवक चार्जर लेने के लिए आए थे, लेकिन कुछ समय बाद वे फिर दुकान पर पहुंच गए। इस बार जैसे ही दुकानदार उन्हें चार्जर देने लगा, दोनों ने अचानक उसे धक्का दे दिया और उसका मुंह दबा लिया। इसके बाद चाकू दिखाकर उससे 50 हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर तीन आरोपियों को पकड़ा: मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना सेक्टर-5 पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद थाना सेक्टर-5 और अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 29 अक्टूबर को बसई, गुरुग्राम से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष बघेल (22), निवासी पूरा रेवाड़ी, जिला एटा (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी भवानी एनक्लेव, बसई, गुरुग्राम; अमर कुमार (21), निवासी खेड़िया खुर्द, हाथरस (उत्तर प्रदेश) और विमल कुमार (31), निवासी कैंमगंज नियामतपुर, दिलावाली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
एक ने की निगरानी, दो ने दुकान में घुसकर की लूट: पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी मजदूरी का काम करते हैं। 28 अक्टूबर को उन्होंने देखा कि गली में सिर्फ एक दुकान खुली है और आसपास भी कोई मौजूद नहीं है। इसके बाद तीनों ने मिलकर दुकान को निशाना बनाने की योजना बनाई।
योजना के तहत आरोपी पहले चार्जर लेने का बहाना बनाकर दुकान में गए और कुछ देर बाद वहां से लौट आए। फिर अमर और आशीष दोबारा दुकान के अंदर पहुंचे और दुकानदार को चाकू दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। वहीं तीसरा आरोपी विमल दुकान के बाहर निगरानी करता रहा, ताकि किसी के आने पर दोनों को सतर्क कर सके।
पहले भी आपराधिक मामलों में सामने आ चुके हैं आरोपी: पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड की जांच में पता चला है कि आशीष बघेल के खिलाफ गुरुग्राम में लूट के दो मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं अमर कुमार के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का एक मामला पहले भी दर्ज हो चुका है।
फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान लूटे गए रुपये और मोबाइल फोन की बरामदगी के साथ-साथ वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी। मामले की जांच अभी जारी है।





