
Bilkul Sateek News
गोहाना, 15 मार्च। हरियाणा के गोहाना में होली की शाम भूमि विवाद में भाजपा मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए खानपुर मेडिकल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोहाना के गांव जवाहरा निवासी मुंडलाना मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र जवाहरा का जमीनी विवाद चल रहा था। होली की शाम गांव की गली में ही सुरेंद्र पर जगदीश के पुत्र मन्नू ने फायरिंग कर दी। जिसमें सुरेंद्र की गोली लगने से मौत हो गई। हमलावार ने एक गोली गली में और दूसरी गोली दुकान पर भी चलाई। हमलावर मन्नू भी गांव जवाहरा का निवासी है। हत्या के बाद मन्नू मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि मन्नू की बुआ की जमीन सुरेंद्र ने खरीदी थी। जिसके बाद से मन्नू सुरेंद्र से खफा चल रहा था। सुरेंद्र पहले इनेलो पार्टी में था, बाद में वह बाद भाजपा में चला गया। जनवरी 2021 में नंबरदार सुरेंद्र को भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया था।