जवाहर कॉलोनी वार्ड नंबर 9 के निवासी 6 महीने से हैं परेशान
पिछले 6 महीने से सीवर हो रहा है ओवरफ्लो
शिकायतों पर नहीं हो रही कोई सुनवाई
मंदिर जाना भी दुश्वार, लोग हो रहे हैं बीमार
परेशान लोगों ने दी घेराव की चेतावनी
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 19 मार्च। फरीदाबाद के जवाहर कॉलोनी वार्ड नंबर 9 में सनातन धर्म मंदिर वाली गली के निवासी पिछले 6 महीने से सीवर ओवरफ्लो की समस्या से जूझते हुए नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। प्रशासन को बार-बार लिखित शिकायत करने पर भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। जिसकी वजह से पूरे रास्ते पर गंदा बदबूदार पानी बहता रहता है और आसपास के घरों के अंदर भी सीवर का गंदा पानी घुस जाता है। मंदिर जाने वाले भक्तों को भी इस गंदे पानी में से होकर गुजरना पड़ता है। पूरी गली में फैले गंदे पानी की वजह से यहां के कई लोग बीमारियों की चपेट में आने लगे हैं। परेशान स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन अभी भी नहीं जागा तो स्थानीय विधायक और नगर निगम कमिश्नर कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
इस गली से निकलने वाले बच्चे और बुजुर्गों समेत सभी को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बच्चे अकेले स्कूल नहीं जा पाते हैं। साथ ही मौसम के बदलाव के साथ ही इस गंदे पानी में मच्छर भी पैदा हो रहे हैं जिसकी वजह से स्थानीय लोग टाइफाइड अन्य बीमारियों का शिकार भी बना रहे हैं।
लोगों का कहना है कि इस सीवर की समस्या का समाधान करने के लिए कई बार लोग एनआईटी 86 से भारतीय जनता पार्टी के विधायक सतीश फागना को भी कई बार फोन करके अवगत करा चुके हैं। वार्ड नंबर 9 की नवनियुक्त पार्षद के पति नीरज भाटिया को भी शिकायत की और वह मौके पर भी आए और प्रशासन को कई बार लिखित शिकायतें भी दी गई हैं। इसके बावजूद भी इस समस्या का समाधान न तो विधायक, न ही पार्षद और प्रशासनिक अधिकारी भी हल कर पा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विधानसभा चुनाव में और इस बार नगर निगम के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को यहां की जनता ने क्षेत्र के विकास और प्रगति के लिए प्रचंड बहुमत दिया। आपको बता दें की पिछले 5 वर्ष एनआईटी 86 में कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा होने की वजह से क्षेत्र का विकास नहीं हो पाया जिसके चलते जवाहर कॉलोनी, पर्वतीय कॉलोनी, डबुआ कॉलोनी, जीवन नगर आदि क्षेत्र की कई अन्य कॉलोनी जो फरीदाबाद की दूसरी विधानसभाओं की कॉलोनी के मुकाबले कई साल पिछड़ चुकी हैं।
इस बार विधानसभा चुनाव में लोग इस उम्मीद के साथ भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार को लेकर आई कि उनके इस क्षेत्र का हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्थानीय विधायक सतीश फागना फिर से विकसित और आबाद करेंगे और लोगों की समस्याओं का तुरंत निवारण किया जाएगा। यह सोचकर जनता ने इस बार भाजपा को वोट दिया था, परंतु पिछले 6 महीने से क्षेत्र की जनता को भाजपा राज में नरक को झेलना पड़ रहा है। अगर प्रशासन अभी भी नहीं जागा तो विधायक सतीश फागना और नगर निगम कमिश्नर कार्यालय का घेराव किया जाएगा।




