Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
नूंह: जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नूंह सदर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास नाकाबंदी के दौरान एक कंटेनर से करीब 30 लाख रुपये कीमत की अवैध बीयर बरामद की है। मामले में कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक पुलिस चौकी जयसिंहपुर की टीम नूंह-होडल रोड पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे फ्लाईओवर के नीचे गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक बंद बॉडी कंटेनर में अवैध शराब छिपाकर राजस्थान की तरफ ले जाई जा रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने नूंह-होडल रोड पर पेप्सी प्लांट के पास नाकाबंदी कर जांच अभियान शुरू किया। कुछ देर बाद संदिग्ध कंटेनर मौके पर पहुंचा। पुलिस को देखकर चालक ने कंटेनर करीब 20 से 25 मीटर पहले रोक दिया और भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान आसिफ निवासी गांव कोटला, जिला नूंह के रूप में हुई है। पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में बीयर की खेप मिली।
पुलिस के मुताबिक कंटेनर से टुबर्ग ब्रांड की 513 पेटी बीयर (12,312 कैन) और थंडर बोल्ट ब्रांड की 140 पेटी बीयर (3,360 कैन) बरामद हुई। कुल मिलाकर 653 पेटी और 15,672 बीयर कैन जब्त किए गए हैं।
जांच के दौरान आरोपी बीयर से जुड़ा कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा सका। आरोपी ने आरएन इंटरप्राइजेज और शिवम लॉजिस्टिक के नाम से कुछ बिल पेश किए, जिन्हें पुलिस जांच के दायरे में लेकर दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बीयर की खेप राजस्थान ले जाई जा रही थी।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, बीयर कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।




