Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के 3 समेत 4 लोगों की मौत
फिरोजपुर झिरका। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पिता और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र के बघौला गांव के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार, जयपुर निवासी जवाहर लाल अपने परिवार और एक परिचित युवक के साथ कार से दिल्ली की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 6:30 बजे उनकी कार एक्सप्रेसवे पर खड़े एक ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में जवाहर लाल की पत्नी पूनम, 17 वर्षीय बेटी खुशी, 3 वर्षीय बेटा कान्हा उर्फ डुग्गीराम और उनके साथ रह रहे 23 वर्षीय केशव यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जवाहर लाल और उनका दूसरा बेटा चेतन उर्फ अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही सदर थाना फिरोजपुर झिरका पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल मांडीखेड़ा भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों घायलों को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए जयपुर ले गए।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण कार खड़े ट्रक से टकरा गई। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: इस हादसे में जवाहर लाल ने अपनी पत्नी, बेटी और छोटे बेटे को खो दिया। परिवार के साथ सफर कर रहा केशव यादव भी हादसे का शिकार हो गया। केशव जयपुर में डीएमएलटी की पढ़ाई कर रहा था और जवाहर लाल के फ्लैट में किराए पर रहता था।
चार शव एक साथ देखकर टूट गया परिवार: हादसे की सूचना मिलने पर पूनम के भाई शुभम मौके पर पहुंचे। जिला अस्पताल में एक साथ चार शवों को देखकर वह सदमे में आ गए। मृतकों में उनकी बहन और उसके परिवार के तीन सदस्य शामिल थे।
अवैध पार्किंग बनी चिंता का कारण: स्थानीय लोगों का कहना है कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कई जगह वाहनों की अवैध पार्किंग की जाती है, जिसके कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।




