Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर 5 साल के बच्चे के अपहरण और फिरौती मांगने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो रिक्शा भी बरामद हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, चक्करपुर इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति ने 18 जुलाई को शिकायत दी कि उसका 5 वर्षीय बेटा 17 जुलाई की शाम चाय की दुकान के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया। देर रात उसके मोबाइल पर कॉल आई, जिसमें बच्चे को छोड़ने के बदले 1.5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। शिकायत के आधार पर सेक्टर-29 थाना पुलिस ने अपहरण और फिरौती का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चक्करपुर पुलिस चौकी और अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को चक्करपुर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसनपुर जमान उर्फ रिटोन (19) और मोनुआर (30) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के रहने वाले हैं। हसनपुर जमान फिलहाल गुरुग्राम के उल्हावास में रहकर ऑटो चलाता है, जबकि मोनुआर दिल्ली के शाहीन बाग में रह रहा था।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी शिकायतकर्ता के रिश्तेदार हैं। पैसों के लालच में उन्होंने बच्चे का अपहरण कर 1.5 लाख रुपये की फिरौती मांगने की साजिश रची थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो रिक्शा भी जब्त कर लिया गया है।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




