गुरुग्राम में गुंडों का आतंक
दिनदहाड़े युवक पर किया जानलेवा हमला
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 24 नवंबर। गुरुग्राम में बेखौफ अपराधियों ने भरी दोपहरी एक युवक पर कुल्हाड़ी, डंडों व पत्थरों से जानलेवा हमला किया। अपराधी युवक को मरा समझ वहां से फरार हो गए। वहीं, बुरी तरह से घायल युवक आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। अपराधियों ने एक हफ्ते पहले ही युवक के भाई को जान से मारने की धमकी दी थी। जिसकी शिकायत भी की गई थी। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।
सीसीटीवी में देखा जा सकता है कैसे खौफनाक तरीके से कुछ अपराधियों ने कैसे सेक्टर-10 के पास बिग बास्केट के डिलीवरी बॉय 25 वर्षीय अभिषेक पर जानलेवा हमला किया। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि 22 नवंबर की दोपहर करीब 1 बजे अभिषेक अपनी बाइक को स्टार्ट करता है। वहां दो तीन और भी युवक खड़े हैं। तभी एक नीले रंग की कार वहां आती है और अभिषेक की बाइक को जानबूझकर टक्कर मार देती है। और चलती कार में से ही मुंह ढके पांच युवा अपराधी कुल्हाड़ी और डंडों समेत उतरते हैं। अभिषेक अभी संभल भी नहीं पाता, उससे पहले ही पांचों युवक उस पर तबाड़तोड़ हमला कर देते हैं।
अभिषेक उनसे बचने की कोशिश करता है लेकिन सब बेकार। एक अपराधी जिसके हाथ में कुल्हाड़ी है वह अभिषेक की टांग पर और शरीर पर कई जगह वार करते हुए सिर पर भी वार करता है। इस दौरान दूसरे अपराधी अभिषेक पर लाठियों से वार करते रहते हैं। अभिषेक कुछ दूर जाकर एक दीवार के पास जाकर गिर जाता है। इस दौरान और अपराधी वहां पर आते हैं और उनमें से एक अभिषेक के सिर पर दो पत्थर खींच कर मारता है और उसके बाद एक बड़ा पत्थर उठाकर मारता है, लेकिन उसका निशाना चूक जाता है। इस दौरान कुल्हाड़ी वाला अपराधी बेदर्दी से अभिषेक की एक टांग पर लगातार वार करता है। अभिषेक जब अधमरा हो जाता है तो अपराधी उसे मरा समझ वहां से फरार हो जाते हैं। इस दौरान कुल्हाड़ी वाला अपराधी अपना एक हाथ उठाकर ऐसे हिलाते हुए फरार होता है जैसे उसने कोई जंग जीत ली हो।
अभिषेक के बड़े भाई रितेश (28) ने बताया कि वे दोनों भाई बिग बास्केट कंपनी में डिलीवरी का काम करते हैं। अभिषेक ग्राहक को सामान देने जा रहा था। अचानक एक कार रुकी और उसमें से 5-6 लड़के उतरे। उनके हाथ में लाठी, डंडे और कुल्हाड़ी थी। उन्होंने अभिषेक पर लगातार वार किए। सिर, पीठ, हाथ-पैर जहां भी निशाना लगा, वहां पर मारा। वह बेहोश होकर गिर पड़ा। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह पहले किसी अनजान नंबर से उसके पास फोन आया था। कॉल करने वाले ने धमकी दी थी, रितेश तेरे को तो मारेंगे ही, पूरे परिवार को देख लेंगे। रितेश ने उस कॉल की शिकायत स्थानीय थाने में की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। रितेश का कहना है कि हमलावरों ने अभिषेक को अकेला पाकर उस पर हमला कर दिया। असल टारगेट वह खुद थे। घायल अभिषेक को तुरंत मानेसर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
डॉक्टरों के अनुसार अभिषेक के शरीर पर कुल्हाड़ी के गहरे घाव हैं, हाथ बुरी तरह टूट गया है और शरीर पर कई जगह गंभीर चोट हैं। फिलहाल उसे आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है। फिलहाल अभिषेक बयान देने की स्थिति में नहीं है।
उधर, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-10 थाना प्रभारी ने बताया कि हमलावरों की कार का नंबर ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।




