Teachers Beat the students : ये कैसे शिक्षक, 14 छात्रों को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा
चरखी दादरी: हरियाणा के चरखी दादरी जिले के मंदोला गांव स्थित यदुवंशी स्कूल में 14 छात्रों की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षकों ने छात्रों को एक बंद कमरे में ले जाकर जमकर पीटा, जिससे उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पड़ गए। जब छात्रों के परिजनों को इस घटना की जानकारी मिली तो वे आक्रोशित हो गए और स्कूल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।
घटना से नाराज अभिभावकों ने स्कूल के गेट पर ताला जड़ दिया और स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। अभिभावकों का आरोप है कि शिक्षकों ने छात्रों को सिर्फ इसलिए पीटा क्योंकि उन पर सीसीटीवी कैमरा तोड़ने का आरोप लगाया गया था। हालांकि, अभिभावकों का कहना है कि बिना किसी जांच के शिक्षकों द्वारा बच्चों पर हाथ उठाना निंदनीय है और इस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
विवाद बढ़ता देख स्कूल के चेयरमैन और पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे और हाथ जोड़कर अपनी गलती स्वीकार की। उन्होंने अभिभावकों को शांत करने की कोशिश की और आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होंगी।
राव बहादुर सिंह 2024 में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से जननायक जनता पार्टी (JJP) के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि को देखते हुए यह मामला और ज्यादा तूल पकड़ सकता है।
अभिभावकों ने शिक्षकों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द कोई कदम नहीं उठाया गया तो वे प्रशासन से शिकायत करेंगे और जरूरत पड़ने पर बड़ा आंदोलन भी करेंगे। इस घटना ने स्कूल प्रशासन की लापरवाही और शिक्षकों की अनुशासनहीनता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।




