Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों की लगातार अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो मोटरसाइकिलों को इंपाउंड कर दिया। इन दोनों वाहनों पर कुल मिलाकर ₹2.75 लाख से ज्यादा की चालान राशि बकाया थी।

पुलिस के मुताबिक, 27 मई को शहर के अलग-अलग इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जेनपैक्ट चौक पर ट्रैफिक पुलिस ने एक मोटरसाइकिल को रोककर जांच की। रिकॉर्ड चेक करने पर बाइक पर 28 चालान लंबित मिले, जिनकी कुल राशि करीब ₹1.19 लाख थी। इनमें बिना हेलमेट, बिना HSRP नंबर प्लेट और बिना बीमा वाहन चलाने जैसे कई उल्लंघन शामिल थे। इसके बाद बाइक को मोटर वाहन अधिनियम के तहत इंपाउंड कर दिया गया।
वहीं सेक्टर-4/7 चौक पर चेकिंग के दौरान एक अन्य मोटरसाइकिल पर 26 लंबित चालान मिले। इस वाहन पर करीब ₹1.56 लाख की जुर्माना राशि बकाया थी। लगातार नियमों की अनदेखी और लंबित चालानों का भुगतान न करने पर इस बाइक को भी जब्त कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया गया।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और समय पर चालानों का भुगतान करें। पुलिस का कहना है कि नियम तोड़ने और चालान लंबित रखने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।




