Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में पुलिस की कार्रवाई, दो विदेशी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद; रंगदारी के लिए रेकी करने का आरोप
गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा फरुखनगर ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अपने कुछ अन्य साथियों के संपर्क में थे और कथित तौर पर अवैध वसूली और रंगदारी के लिए रेकी कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान अभय उर्फ मौलड (20), निवासी गांव खेड़ा झांझरोला, गुरुग्राम, जतिन उर्फ जोनी (29), निवासी पटेल नगर, सोनीपत और वर्तमान निवासी सिद्धार्थ कॉलोनी, सोनीपत तथा सागर, निवासी गांव खेड़ा झांझरोला, गुरुग्राम के रूप में हुई है।
अपराध शाखा की टीम ने अभय को गांव गढ़ी फ्लाईओवर के पास न्यू पटौदी गुरुग्राम रोड से, जतिन को फरुखनगर से और सागर को KPM, फरुखनगर से पकड़ा।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल (PX, China Made) और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना सेक्टर-10, गुरुग्राम में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से बचने के लिए फ्लाईओवर से कूदा आरोपी: पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी सागर ने कथित तौर पर पुलिस से बचने की कोशिश की और फ्लाईओवर से छलांग लगा दी। इस दौरान उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे मामले में नियमानुसार गिरफ्तार किया जाएगा।
जतिन ने अभय को दिए थे हथियार: पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि अभय को अवैध हथियार आरोपी जतिन ने उपलब्ध कराए थे। पुलिस के मुताबिक, जतिन को ये हथियार उसके अन्य साथियों के जरिए मिले थे। अब पुलिस हथियारों की सप्लाई के पूरे नेटवर्क और इनके पीछे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
दिल्ली में वारदात की तैयारी का पुलिस का दावा: पुलिस का कहना है कि आरोपी अपने अन्य साथियों के संपर्क में थे और उनके कहने पर कथित तौर पर अवैध वसूली और रंगदारी के लिए रेकी करते थे। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी योजना बनाकर दिल्ली में किसी वारदात को अंजाम देकर डर का माहौल पैदा करने की तैयारी में थे।
पुलिस ने आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आया है कि आरोपी जतिन के खिलाफ दिल्ली में एक्साइज एक्ट के तहत पहले भी एक मामला दर्ज है।
फिलहाल गुरुग्राम पुलिस आरोपियों के नेटवर्क, हथियार कहां से आए, इन्हें उपलब्ध कराने वाले लोगों और आरोपियों के संपर्क में रहे अन्य व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच जारी है




