Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में 23 वर्षीय युवती को आग लगाकर मारने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों करीब डेढ़ साल से रिलेशनशिप में थे। आरोपी के शादीशुदा होने की जानकारी मिलने के बाद दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कैरोसिन तेल की बोतल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

यह मामला 19 जून 2026 का है। उस दिन सेक्टर-9A थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बसई निवासी युवती की आग से झुलसने के बाद गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती हैं। बाद में उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। उस समय पीड़िता और उसकी मां ने कोई कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया था।
27 जून को इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। इसके बाद 30 जून को मृतका के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि अस्पताल में युवती ने खुद बताया था कि सुनील उर्फ नोनी ने उसे आग लगाई थी। साथ ही सच बताने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और 1 जुलाई को सेक्टर-9A इलाके से आरोपी सुनील कुमार (35) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी झज्जर जिले का रहने वाला है और गुरुग्राम में गोल्ड खरीदने की दुकान चलाता है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दिव्या करीब डेढ़ साल पहले उसकी दुकान पर सोना बेचने आई थी। वहीं दोनों की दोस्ती हुई और बाद में दोनों रिलेशनशिप में आ गए। जब युवती को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
पुलिस के मुताबिक, 18 जून को दोनों के बीच दुकान पर झगड़ा हुआ। इसके बाद बातचीत कर मामला सुलझाने के लिए दोनों सोहना रोड स्थित एक फ्लैट में गए और रात वहीं रुके। अगले दिन सुबह फिर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान सुनील ने युवती को आग लगा दी। बाद में वह खुद उसे अस्पताल लेकर गया, लेकिन इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसकी दुकान से कैरोसिन तेल की बोतल और मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले की जांच अभी जारी है।




