Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: लोहे के पुल पर सीमेंट की टाइल से सिर पर वार कर युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम में महावीर चौक के पास वारदात, पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को पकड़ा; हत्या में इस्तेमाल सीमेंट की टाइल बरामद
गुरुग्राम, 15 अक्टूबर। गुरुग्राम में महावीर चौक के पास लोहे के पुल पर एक व्यक्ति की सिर पर सीमेंट की टाइल से वार कर हत्या कर दी गई। घटना 14 अक्टूबर की रात की है। पुलिस ने वारदात के दौरान ही आरोपी को मौके से पकड़ लिया था। अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान 38 वर्षीय निशांत कुमार उर्फ मोनू के रूप में हुई है, जो रेवाड़ी जिले के कुतोपुरी (पालावास) का रहने वाला है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई सीमेंट की टाइल भी बरामद कर ली है।

राहगीर की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस: पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर को सेक्टर-14 थाने की टीम महावीर चौक के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी कि लोहे के पुल पर एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति के सिर पर सीमेंट की टाइल से हमला कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक व्यक्ति नीचे पड़ा था और दूसरा उसके सिर पर टाइल से वार कर रहा था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया: पुलिस ने गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को एंबुलेंस की मदद से नागरिक अस्पताल, सेक्टर-10 पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
चोरी की कोशिश और चाकू से हमले के बाद हुई हाथापाई: पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिकअप वाहन चलाता है। 14 अक्टूबर की रात वह शराब के नशे में लोहे के पुल पर सो रहा था। इसी दौरान वहां कूड़ा-कचरा बीनने का काम करने वाला व्यक्ति पहुंचा। पुलिस के अनुसार, मृतक ने चोरी की नीयत से आरोपी पर चाकू से हमला किया था। इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई हुई। इसी दौरान आरोपी ने पास में पड़ी सीमेंट की टाइल उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
हत्या में इस्तेमाल टाइल बरामद, जांच जारी: पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद एक पुलिसकर्मी की शिकायत के आधार पर सेक्टर-14 थाने में मामला दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई सीमेंट की टाइल बरामद कर ली है। मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को 16 अक्टूबर को अदालत में पेश किया जाएगा। मृतक की पहचान करने के प्रयास जारी हैं और मामले की जांच की जा रही है।




