Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
नई दिल्ली/नेपाल। अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच ने डॉ. रणवीर सिंह यादव को अपना ग्लोबल एंबेसडर (वैश्विक राजदूत) नियुक्त किया है। उन्हें यह नियुक्ति पत्र नेपाल सरकार के प्रथम उपराष्ट्रपति के विशिष्ट सलाहकार एडवोकेट डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा ने प्रदान किया।

यह नियुक्ति मंच के वैश्विक अभियान के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य भारत और नेपाल के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और मानवीय संबंधों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत बनाना है। इस अवसर पर डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा ने डॉ. रणवीर सिंह यादव को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच ‘वसुधैव कुटुंबकम’, ‘ग्लोबल विलेज’ और ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ की भावना के साथ कार्य कर रहा है। मंच की योजना 25 देशों में सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देने की है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए डॉ. रणवीर सिंह यादव को ग्लोबल एंबेसडर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नियुक्ति पत्र सौंपे जाने के दौरान मंच के सदस्यों ने भी डॉ. रणवीर सिंह यादव को बधाई और शुभकामनाएं दीं। मंच की ओर से बताया गया कि नेपाल के प्रथम उपराष्ट्रपति रहे न्यायमूर्ति परमानंद झा से ग्लोबल एंबेसडर की शिष्टाचार मुलाकात के लिए समय मांगा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद उन्हें नेपाल में आयोजित कार्यक्रम में भी आमंत्रित किया जाएगा।
डॉ. रणवीर सिंह यादव ने कहा कि वह इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाएंगे और मंच की गतिविधियों को 25 देशों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के सामाजिक, सांस्कृतिक तथा मानवीय रिश्तों को और मजबूत बनाने के लिए वह पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने मंच के संयोजक एडवोकेट डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा का आभार भी व्यक्त किया।
डॉ. रणवीर सिंह यादव की इस नियुक्ति की खबर से उनके परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




