Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम की शीतला कॉलोनी में एक रिहायशी मकान और जमीन पर कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि काले रंग की Thar गाड़ी में सवार होकर पहुंचे चार युवकों ने मकान में जबरन घुसने और कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर वहां मौजूद केयरटेकर महेंद्र सिंह के साथ मारपीट की गई। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि शीतला माता मंदिर के नजदीक स्थित इस संपत्ति को लेकर पहले से विवाद चल रहा है और जमीन से जुड़ा मामला अदालत में विचाराधीन है। इसी विवाद के बीच चार युवक अचानक मकान पर पहुंचे और वहां मौजूद केयरटेकर पर दबाव बनाने लगे।
मकान खाली करने को लेकर हुआ विवाद: जानकारी के मुताबिक, युवक Thar से उतरकर सीधे मकान के मुख्य गेट के पास पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने केयरटेकर महेंद्र सिंह से मकान खाली करने के लिए कहा। महेंद्र सिंह ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि इसके बाद युवकों ने महेंद्र सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। कुछ देर बाद आरोपी मौके से अपनी गाड़ी लेकर निकल गए।
पुलिस में शिकायत करने पर धमकी देने का आरोप: पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जाते समय युवकों ने पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। घटना के बाद से परिवार ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि संपत्ति विवाद अदालत में होने के बावजूद दबाव बनाकर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है।




