Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
नूंह पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 मोबाइल फोन, 20 सिम कार्ड और अन्य सामान बरामद किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग साइबर धोखाधड़ी के मामलों में केस दर्ज हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वाईवीआर शशि शेखर ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कई टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, साइबर थाना नूंह में दर्ज एक मामले में पचगांव निवासी वादिल को गिरफ्तार किया गया। आरोपी सोशल मीडिया पर कुत्तों के बच्चों की बिक्री के फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों से ठगी करता था। उसके पास से दो मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया गया।
एक अन्य मामले में जालिका निवासी राहुल और राजस्थान के डिगचोली निवासी जिलसाद को गिरफ्तार किया गया। दोनों सोशल मीडिया पर साड़ियों की बिक्री के नाम पर फर्जी विज्ञापन डालते थे और लोगों को नकली क्यूआर कोड भेजकर उनके खातों से पैसे निकाल लेते थे।
पुलिस ने बिछौर निवासी साकिर और अजरुद्दीन को भी गिरफ्तार किया है। दोनों ऑनलाइन धोखाधड़ी कर लोगों से रकम ऐंठने का काम करते थे। इनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद हुए हैं।
वहीं आमका निवासी मोमिन और सिरोली निवासी मोहिन फर्जी सिम और मोबाइल फोन के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। पहचान छिपाकर भ्रामक संदेश भेजना इनका तरीका था। पुलिस ने इनके पास से दो मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए हैं।
भरतपुर के गामड़ी निवासी मुशर्रफ को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार वह साइबर अपराधियों को सिम कार्ड और बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम करता था।
इसके अलावा पुन्हाना क्षेत्र के लुहिंगा खुर्द झुड़ा गांव के आबिद और जाबिद को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस इनके नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
यह कार्रवाई अपराध जांच शाखा नूंह, थाना सदर पुन्हाना, सीआईए, एएनसी स्टाफ तावड़ू, सीएस एवं पीओ स्टाफ पुन्हाना और साइबर थाना नूंह की संयुक्त टीमों ने की।
एएसपी वाईवीआर शशि शेखर ने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर आने वाले फर्जी विज्ञापनों, संदिग्ध लिंक और क्यूआर कोड से सावधान रहें। किसी भी साइबर ठगी की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने को दें।




