Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-3 के यू ब्लॉक में अतिक्रमण के खिलाफ टाउन प्लानिंग विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। डीटीपीई अमित माधोलिया की अगुवाई में चल रहे इस अभियान के तहत अब तक करीब 20 गलियों में अवैध कब्जों को हटाया जा चुका है।

कार्रवाई के दौरान घरों के बाहर बने रैंप, सड़क किनारे चल रही मोमो और पान की दुकानें, कियोस्क, ढाबे, फूड काउंटर, लोहे के पोल और बैठने के लिए बनाए गए प्लेटफॉर्म हटाए गए। विभाग की टीम का कहना है कि इन अतिक्रमणों की वजह से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी और कई जगह सड़कें भी संकरी हो गई थीं।
इसके अलावा मकानों के बाहर रखी पानी की टंकियों को लेकर भी विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। संपत्ति मालिकों को इन्हें खुद हटाने के लिए अंतिम चेतावनी दी गई है। चेतावनी के बावजूद टंकियां नहीं हटाई गईं तो विभाग आगे की कार्रवाई कर सकता है।
अधिकारियों के अनुसार सार्वजनिक जगहों और सड़कों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। यू ब्लॉक में शुरू हुआ यह अभियान अभी जारी है और विभाग की टीमें लगातार अलग-अलग गलियों में पहुंचकर कार्रवाई कर रही हैं।
टाउन प्लानिंग विभाग का कहना है कि क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए आने वाले दिनों में भी अभियान जारी रहेगा। वहीं स्थानीय लोगों का मानना है कि इस कार्रवाई से गलियों और सड़कों पर आवाजाही पहले से बेहतर हो सकेगी।




