Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 28 जून। गुरुग्राम पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने उद्योग विहार फेज-5 में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। यह कॉल सेंटर लोगों को वजन कम करने की हर्बल दवा का झांसा देकर ठगी कर रहा था। पुलिस ने मौके से तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान मंदीप, नेहा और वर्षा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, ये सभी एक कॉल सेंटर से लोगों को फोन कर खुद को डॉक्टर, डाइटिशियन और ब्यूटीशियन बताकर भरोसा जीतती थीं। इसके बाद वजन कम करने वाली हर्बल दवाइयां बेचती थीं और 100 फीसदी रिफंड का वादा करती थीं। लेकिन जब दवा का असर नहीं होता था तो पीड़ितों को रिफंड देने की बजाय ब्लॉक कर दिया जाता था।
जांच में सामने आया कि Curest Science and Wellness Pvt. Ltd. के नाम से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर विज्ञापन चलाए जाते थे। विज्ञापन पर क्लिक करने वाले लोगों का डेटा कॉल सेंटर तक पहुंचता था, जिसके बाद उन्हें फोन कर दवाइयां बेच दी जाती थीं।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने गुजरात समेत कई राज्यों में लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की है। जांच में यह भी पता चला कि पूरे रैकेट का संचालन कंपनी के मैनेजर, सीएओ, डायरेक्टर और अन्य सहयोगी मिलकर कर रहे थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 102 मोबाइल फोन, 150 सिम कार्ड, 12 लैपटॉप और कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूत जब्त किए हैं।
फिलहाल साइबर क्राइम थाना पश्चिम, गुरुग्राम में मामला दर्ज कर जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




