गुरुग्राम में अपनी बाइक का चालान कटने से बचने के लिए दूसरे वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर इस्तेमाल करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोपी अपनी स्प्लेंडर बाइक की नंबर प्लेट पर टेप लगाकर उसके नंबर बदल रहा था। इस वजह से उसकी बाइक के ट्रैफिक चालान किसी दूसरे व्यक्ति की प्लैटिना बाइक के नाम पर कट रहे थे। लगातार चालान मिलने से परेशान बाइक मालिक ने जब इसकी शिकायत गुरुग्राम यातायात पुलिस से की तो पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, एक वाहन मालिक ने पुलिस उपायुक्त यातायात को शिकायत दी थी कि कोई अन्य मोटरसाइकिल उसकी बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर इस्तेमाल कर रही है। इसके चलते वह बाइक लेकर कहीं जाता भी नहीं था, फिर भी उसके पास यातायात नियमों के उल्लंघन के चालान पहुंच रहे थे। शुरुआत में उसे समझ नहीं आया कि आखिर उसकी बाइक के नाम पर चालान कैसे कट रहे हैं। बाद में पता चला कि कोई दूसरा व्यक्ति उसकी बाइक का नंबर अपनी मोटरसाइकिल पर लगा रहा है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस उपायुक्त यातायात ने मामले को गंभीरता से लेते हुए STU टीम को जांच कर आरोपी का पता लगाने के निर्देश दिए। टीम ने मामले की पड़ताल शुरू की और पुलिस चौकी झाड़सा के कर्मचारियों की मदद से संदिग्ध मोटरसाइकिल की तलाश की। पुलिस की टीम ने शिकायत मिलने के 24 घंटे के अंदर ही आरोपी को उसकी बाइक समेत पकड़ लिया।
जांच में नंबर प्लेट की हेराफेरी का पूरा खेल सामने आ गया। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी के पास स्प्लेंडर मोटरसाइकिल थी, जिसका असली रजिस्ट्रेशन नंबर HR98R6662 है। लेकिन आरोपी ने नंबर प्लेट पर टेप लगाकर उसमें बदलाव कर दिया था। उसने नंबर को HR98R6682 के रूप में दिखा रखा था। यह नंबर एक प्लैटिना मोटरसाइकिल के नाम पर रजिस्टर्ड है।
इस चालाकी का नतीजा यह हुआ कि स्प्लेंडर बाइक से यातायात नियमों का उल्लंघन होने पर ऑनलाइन चालान प्लैटिना बाइक के असली मालिक के पास पहुंचने लगे। बिना गलती के लगातार चालान मिलने से वाहन मालिक परेशान हो गया और आखिरकार उसने यातायात पुलिस से इसकी शिकायत की।
पुलिस उपायुक्त यातायात के निर्देश पर STU टीम इंचार्ज ASI राकेश ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई की। इसमें पुलिस चौकी झाड़सा के पुलिसकर्मियों ने भी सहयोग किया। संयुक्त टीम ने छेड़छाड़ की गई नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर बाइक को पकड़ लिया और उसके चालक को हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए युवक की पहचान अमित सैनी पुत्र राजेंद्र सैनी, निवासी झाड़सा, गुरुग्राम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए झाड़सा पुलिस चौकी के हवाले कर दिया। इस मामले में FIR भी दर्ज की गई है।
नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई
गुरुग्राम यातायात पुलिस ने साफ किया है कि चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करना या किसी दूसरे वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर इस्तेमाल करना गंभीर मामला है। ऐसा करने से न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाला व्यक्ति बचने की कोशिश करता है, बल्कि किसी निर्दोष वाहन मालिक को भी बेवजह परेशानी उठानी पड़ती है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी गाड़ियों पर निर्धारित मानकों के अनुसार ही नंबर प्लेट लगवाएं। नंबर प्लेट को छिपाने, उसके अंकों में बदलाव करने या किसी दूसरे वाहन का नंबर इस्तेमाल करने से बचें। इस तरह की गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




