गोल्फ कोर्स रोड अंडरपास में हंगामा करने वाला युवक गिरफ्तार, वायरल वीडियो पर पुलिस की कार्रवाई
गुरुग्राम: गोल्फ कोर्स रोड के अंडरपास में वाहनों का रास्ता रोककर हंगामा करने वाले युवक को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पर लेटकर यातायात बाधित करने की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 23 नवंबर को ही सुशांत लोक थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

वायरल वीडियो में युवक अंडरपास के बीच सड़क पर लेटा दिखाई दे रहा है। इस दौरान वहां से गुजर रही गाड़ियों को भी उसने आगे बढ़ने से रोक दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम के चलते वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई और अंडरपास में यातायात प्रभावित हो गया। तेज रफ्तार वाहनों के बीच युवक की इस हरकत से किसी बड़े हादसे की आशंका भी पैदा हो गई थी।
पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट पर दी गिरफ्तारी की जानकारी
मामले में गुरुग्राम पुलिस ने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया है कि वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति के खिलाफ 23 नवंबर 2026 को सुशांत लोक थाने में अभियोग दर्ज किया जा चुका है। पुलिस ने यह भी पुष्टि की है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सड़क पर खतरनाक तरीके से हंगामा करने और आम लोगों की आवाजाही बाधित करने का मामला एक बार फिर चर्चा में है। सार्वजनिक रास्तों पर इस तरह की हरकत न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करती है, बल्कि वाहन चालकों और खुद ऐसा करने वाले व्यक्ति की जान भी जोखिम में डालती है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




